26-रोहतक के सुपवा में रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा के साथ रील एवं शॉर्ट फिल्म स्क्रीनिंग प्र
- फोटो : 1
रोहतक। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संगम विषय के रील एवं शॉर्ट फिल्म स्पर्धा में सुपवा के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया है। रील एवं शॉर्ट फिल्म स्क्रीनिंग में दोनों में विद्यार्थियों ने यह शानदार जीत हासिल की है।
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) के विद्यार्थियों ने समन्वय-2026 अंतरराष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संगम-अनुसंधान और अभ्यास के लिए सहयोग विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था।
इसका आयोजन गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के साइकोलॉजी विभाग ने इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसिस नई दिल्ली व गुरुग्राम पुलिस के साथ मिलकर किया। रील व शॉर्ट फिल्म तैयार करने वाले छात्रों व उनका मार्गदर्शन करने वाले फैकल्टी सदस्यों ने शुक्रवार को रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा से मुलाकात की।
रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन ने बताया कि कॉन्फ्रेंस के तीसरे दिन रील एवं शॉर्ट फिल्म स्क्रीनिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें फिल्म एंड टेलीविजन विभाग के डायरेक्शन बैच 2022 से छात्र हरदीप सिंह खुंडिया की बनाई रील ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं, विजुअल आर्ट्स डिपार्टमेंट के फर्स्ट ईयर फाउंडेशन के छात्र मयंक सिंह की ओर से बनाई शॉर्ट फिल्म ने भी पहला स्थान हासिल किया। शॉर्ट फिल्म को तैयार करने में फाउंडेशन के ही छात्र आयुष, शिवम, सौरभ ने भी अपना योगदान दिया।