04-सुपवा में आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित फाइनेंस कमेटी की बैठक में उप
- फोटो : Samvad
रोहतक। दादा लख्मीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा) में नए वित्तीय वर्ष पर इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत बनाने पर विशेष फोकस रहेगा। यह निर्णय मंगलवार को आर्किटेक्चर विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित फाइनेंस कमेटी की बैठक में लिया गया।
बैठक में विश्वविद्यालय के भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कुलपति डॉ. अमित आर्य ने निर्देश दिए कि योजनाओं से सरकार को समय रहते अवगत कराया जाए ताकि विश्वविद्यालय को बजट और संसाधन समय पर उपलब्ध हो सकें।
रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि विश्वविद्यालय की नेटवर्किंग और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना पर विचार किया गया। सेंट्रल ऑडिटोरियम, मिनी ऑडिटोरियम और मॉडलिंग ऑडिटोरियम में व्यवस्थाओं को आधुनिक जरूरतों के अनुसार अपग्रेड करने की आवश्यकता है। नए वित्तीय वर्ष में इन कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि आयोजनों में अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके।
बैठक में एसीएस फाइनेंस के प्रतिनिधि सुमेर सिंह यादव, महानिदेशक तकनीकी शिक्षा के प्रतिनिधि संजय चराया और चांसलर के प्रतिनिधि हैदराबाद से सीए हनमंदलू ऑनलाइन जुड़े।
वहीं फाइनेंस कमेटी की सदस्य सचिव के रूप में रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा, डॉ. अजय कौशिक, विकास गुलिया, परविंद्र सिंह और राकेश कुमार गर्ग बैठक में मौजूद रहे।