रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान (पीजीआईएमएस) का सोमवार को विधानसभा की एश्योरेंस कमेटी ने दौरा कर सुविधाओं व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सरकार की ओर से गठित 10 सदस्यीय कमेटी में से पांच ने ओपीडी, आपात विभाग, ट्रामा सेंटर, सुपर स्पेश्लिटी, डेंटल कॉलेज, वार्ड व ओटी की सुविधाओं का आंकलन किया। यह गोपनीय रिपोर्ट विधानसभा में प्रस्तुत की जाएगी।
कमेटी ने स्टाफ की कमी दूर करने के लिए मुख्यालय से संपर्क समाधान तलाशने के साथ सफाई का बजट बढ़ाने का सुझाव दिया है। इससे व्यवस्था में सुधार होगा और मरीजों को लाभ मिलेगा। पीपीपी मोड की सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाए। कमेटी के दौरे के दौरान आपात विभाग के बाहर स्ट्रेचर गद्दे व चादर सहित नजर आई तो व्हीलचेयर भी नई और दुरुस्त पाई गई।
सोमवार को एश्योरेंस कमेटी के अध्यक्ष विधायक भारत भूषण बतरा, बरोदा विधायक इंदु राज नरवाल, नूह विधायक आफताब अहमद, इसराना से बालवीर वाल्मीकि, सफीदो विधायक सुभाष गांगोली की टीम दिल्ली बाइपास स्थित सर्किट हाउस पहुंची। यहां अपनी बैठक कर सभी अपने-अपने वाहनों में सवार होकर स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनीता सक्सेना के कार्यालय पहुंचे। यहां कुलपति से बातचीत के बाद टीम पीजीआईएमएस का दौरा करने निकली।
कुलपति कार्यालय से निकले 15 वाहनों के काफिले में पांच विधायकों के अलावा डीएमईआर निदेशक आशिमा बराड, कुलपति प्रो. अनीता सक्सेना, कुलसचिव डाॅ. एचके अग्रवाल, पीजीआई निदेशक डॉ. एसएस लोहचब, डीन डाॅ. कुलदीप लालड़, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, डीएमएस डॉ. बिजेद्र ढिल्लो समेत पीजीआईएमएस के चिकित्सक व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
एश्योरेंस कमेटी सबसे पहले टीम ओपीडी भवन पहुंची। यहां इलाज व दवा के लिए कतारबद्ध लोगों से बातचीत कर व्यवस्था की जानकारी ली। लोगों ने विधायकों को व्यवस्था बेहतर होने की जानकारी दी। टीम ने पीपीपी मोड पर दी जा रही एक्सरे व एमआरआई की सुविधा व मरीजों को दी जा रही व्यवस्था के बारे में जाना। इसके लिए काउंटर पर स्टाफ व मरीजों के परिजनों से बातचीत की।
यहां से टीम डेंटल कॉलेज पहुंची। प्राचार्य डॉ. संजय तिवारी ने टीम को कॉलेज की व्यवस्था से रूबरू कराया। टीम ने यहां की व्यवस्था को लेकर प्राचार्य के प्रयासों को सराहा। टीम ने ट्रामा सेंटर, लाला श्याम लाल सुपर स्पेश्लिटी, आपात विभाग, वार्ड तीन व मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर का दौरा किया। यहां कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्या जानने का प्रयास किया। अपने करीब ढाई घंटे के दौरे के बाद टीम एमडीयू फैकल्टी हाउस के लिए रवाना हो गई।
खुशबू से महक उठा पीजीआई
पीजीआई में कमेटी के आगमन की सूचना के चलते यहां मरीजों के इलाज व सुविधा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए थे। जहां आपात विभाग के बाहर स्ट्रेचर गद्दे व चादर लगे नजर आए, वहीं व्हीलचेयर भी नई रखी गई थीं। यही नहीं, वार्ड व विभाग दुर्गंध के बजाय खुशबू से महकते रहे। इसके लिए जगह-जगह खुशबूदार धूप लगाई गई थी।