हरियाणा के चरखी दादरी में एक निजी डीएड कॉलेज के छात्रों ने निर्धारित फीस से ज्यादा वसूली पर नगर में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इन छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को कॉलेज के छात्र इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
वहां उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से कॉलेज की मान्यता रद करने और उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि वे एक निजी कॉलेज में डीएड कर रहे हैं। कॉलेज प्रशासन उनसे निर्धारित फीस से अधिक वसूल रहा है।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में कुछ देरी से पहुंचने या गैर हाजिर होने, वर्दी नहीं पहनने पर नाजायज तरीके से सौ रुपये जुर्माना लगाया जा रहा है।
यदि वे रुपये देने से मना करते हैं तो इंटरनल प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी दी जाती है।
छात्रों ने कॉलेज के खिलाफ तुरंत प्रभाव से कानूनी कार्रवाई कर इसकी मान्यता रद्द करने की मांग की।
छात्रों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वे एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे।
कॉलेज संचालक रामबीर ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु छात्र कॉलेज स्टाफ से बदतमीजी करते हैं और कॉलेज के अनुशासन को भंग करते हैं। सभी छात्रों से सरकारी फीस ही वसूली जा रही है।