विद्यार्थी न केवल शिक्षा और खेल में बुलंदियों को छू रहे हैं, बल्कि कला के क्षेत्र में भी नए आयाम और सफलता की ओर बढ़ रहे हैं। एमडीयू (महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय) का संबद्ध वैश्य तकनीकी महाविद्यालय लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय युवा महोत्सव अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने जा रहा है। महाविद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अभिनय कला का मंचन करेंगे।
दिल्ली के एमिटी विश्वविद्यालय में 3 से 7 मार्च तक होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में एमडीयू और इसके संबद्ध महाविद्यालयों से विभिन्न विधाओं करीब 32 विद्यार्थियों की हिस्सेदारी रहेगी। इसमें वैश्य तकनीकी महाविद्यालय अभिनय विधा में लगातार तीसरी भाग लेगा। महाविद्यालय ने क्षेत्रीय, अंतर क्षेत्रीय व उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में मेहमान नाटक में प्रथम स्थान हासिल किया है।
नाटक के निर्देशक कोडियन विश्वास चौहान ने बताया कि एमडीयू के तहत तीसरी बार विद्यार्थी नेशनल में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि उनके निर्देशन में पहली बार उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय में नाटक को पहला स्थान मिला। हालांकि, दूसरा और तीसरा स्थान भी प्राप्त किया। इससे पहले दो साल नाटक और माइम में विद्यार्थियों ने जीत हासिल की है। अब, फिर से विद्यार्थी 150 विश्वविद्यालयों के बीच अपनी अभिनय कला का प्रदर्शन करेंगे।
38 साल में पाया भारतीय समूह गायन में प्रथम स्थान
युवा महोत्सव अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होते हैं। एमडीयू के छात्र कल्याण विभाग निदेशक डाॅ. प्रताप राठी ने बताया कि हिसार के ओम विश्वविद्यालय में जिन विधाओं में एमडीयू ने जीत हासिल की है, वे विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेंगे। नार्थ जोन में 38 साल बाद एमडीयू की भारतीय समूह गायन टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, इस बार राष्ट्रीय स्तर पर वन एक्ट प्ले, भारतीय समूह गायन, क्लासिकल इंस्ट्रयूमेंटल नान प्रकसन, क्लासिकल वॉकल सोलो, एल्युकेशन, लिटरेरी, क्ले माॅडलिंग, रंगोली व पोस्टर मेकिंग में एमडीयू की हिस्सेदारी रहेगी।
वन एक्ट प्ले में ये विद्यार्थी लेंगे भाग
वैश्य तकनीकी महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वयक डाॅ. संजय जिंदल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर वन एक्ट प्ले में देव मुदगिल, रोहित रोहिला, धवल मल्होत्रा, दीपक विश्वकर्मा, लक्ष्य नारंग, छवि कपूर, मेघा, हर्षिता व नेहा अहलावत की हिस्सेदारी रहेगी। नाटक का निर्देशन विश्वास चौहान व रूपांतर मंथन प्रकाश कर रहे हैं।