एमडीयू में कक्षा का बहिष्कार कर धरने पर बैठे विद्यार्थी । विज्ञप्ति
रोहतक। एमडीयू के भौतिक चिकित्सा विभाग के छात्र सात्विक की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ रहा है। शनिवार को विभाग के विद्यार्थियों ने अपने सहपाठी को न्याय दिलाने के लिए कक्षाओं का बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए।
विद्यार्थियों ने कहा कि 25 मार्च शनिवार को सात्विक ने खराब परीक्षा परिणाम से आहत होकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से विभाग के विद्यार्थियों ने अपने सहपाठी को न्याय दिलाने की मुहिम छेड़ी हुई है। इसी कड़ी में कक्षाओं का बहिष्कार किया है।
शनिवार को विद्यार्थियों ने कक्षाएं न लगाकर धरने के जरिये विवि प्रशासन से सात्विक को न्याय दिलाने के लिए मांग की। विद्यार्थियों ने कहा कि हम पढ़ाई करना चाहते हैं। धरना, आंदोलन या प्रदर्शन नहीं चाहते। विवि प्रशासन दोषी अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
सीवाईएसएस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ ने कहा कि सात्विक की मौत को एक सप्ताह हो गया है। आत्महत्या के इस मामले में अब तक किसी भी दोषी अध्यापक पर कार्रवाई नहीं हुई है। इससे मामले में कुछ उच्चाधिकारियों के शामिल होने का संदेह पैदा होता है। सात्विक के पिता ने आरटीआई के माध्यम से विभाग से कुछ जानकारी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया है। इसमें उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, अध्यापकों की वेतन जानकारी, अध्यापकों की हाजिरी व अन्य सवालों के जवाब मांगे हैं। इससे मामले में शामिल दोषियों की और पर्तें खुलना तय है। दोषी अध्यापकों पर कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।