निजी अस्पताल में छात्र की मौत के बाद बदहवास परिजन। संवाद
- फोटो : निजी अस्पताल में छात्र की मौत के बाद बदहवास परिजन। संवाद
रोहतक। जींद जिले के भकलाना गांव से इलाज के लिए ऑक्सीजन अस्पताल में आए छात्र की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के कारण छात्र की माैत हुई है।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन छात्र की माैत के बाद भी उनसे पैसे लेता रहा। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से डाॅ. बादल गिरधर ने बताया कि हमारी ओर से पूरा इलाज किया गया और सारी बातें परिजनों को लगातार बताई गई थीं। हमारी तरफ से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है।
जींद के भकलाना गांव निवासी राजेश ने बताया कि उनका भतीजा राहुल (18) 11वीं का छात्र था और वीरवार को उसने गलती से तेजाब पी लिया था। हालत खराब होने पर उसे जींद के ही अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन रोहतक में रह रहे परिवार के लोगों ने उसे इलाज के लिए ऑक्सीजन हॉस्पिटल में बुला लिया।
आरोप लगाया कि शुक्रवार दोपहर बाद करीब 3 बजे राहुल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था, लेकिन अस्पताल शाम 7 बजे तक उनसे इलाज के लिए पैसे जमा कराता रहा।
उधर, परिजन को जब राहुल की मौत की जानकारी लगी तो हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि राहुल ने शाम को ही दम तोड़ दिया था और अस्पताल प्रबंधन गलत तरीके से पैसे जमा कराए। इसके विरोध में काफी संख्या में महिला-पुरुष अस्पताल के सामने आकर बैठ गए तो करीब डेढ़ घंटे तक जमकर हंगामा किया। सूचना पर सिटी थाना क्षेत्र समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह परिजन को शांत कराकर शव अस्पताल से पीजीआई भिजवाया गया।
सिटी थाने के जांच अधिकारी प्रदीप ने बताया कि मामला जींद का था और वहीं की पुलिस को बुलाकर शव उनको सौंप दिया गया है। रोहतक से संबंधित यह मामला नहीं है। परिजन को समझाकर शांत कर दिया गया है। ब्यूरो