हरियाणा के रोहतक में शहरी निकाय मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता के साथ वार्ता विफल होने के बाद वीरवार को रोहतक में नगर पालिका कर्मचारी संघ की राज्य स्तरीय कमेटी की आपात बैठक हुई। बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने हड़ताल को 23 अक्तूबर तक बढ़ाने की घोषणा की। हड़ताल से दिवाली पर्व पर प्रदेश में सफाई व अग्निशमन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। 23 अक्तूबर को दोपहर तक मांगों का समाधान नहीं निकाला तो संघ हड़ताल को आगे बढ़ाने का फैसला करेगा।
शास्त्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने शहरी निकाय मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता के सामने मांग रखी थी कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग किया जाए, अनुबंध कर्मचारियों को पक्का करें, अनुबंध पर तैनात फायर स्टाफ को सेवा सुरक्षा प्रदान करें, लेकिन मंत्री ने मांगों को पूरा करने से इनकार कर दिया। ऐसे में प्रदेश के नगर निगमों, नगर परिषदों व पालिकाओं के करीब 40 हजार कर्मचारियों को आह्वान किया था कि वे 19 व 20 अक्तूबर को हड़ताल रखें।
वहीं, संघ के महासचिव मांगेराम तिगरा ने कहा कि सरकार ने स्वच्छता प्रतियोगिता के तहत बेहतर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को दो हजार रुपये तथा दूसरे स्थान पर आने वाले सफाई कर्मचारियों को एक हजार रुपये इनाम देने, अग्निशमन के 997 पद सृजित करने, फायर कर्मियों को जोखिम भत्ता देने पर गहनता से विचार करने, समान काम समान वेतन देने की मंजूरी मुख्यमंत्री से लेने, 1800 नियमित सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम में रजिस्ट्रेशन करने वाले कर्मचारियों को 30 दिसंबर तक एक्सटेंशन देने, सीवर मैन कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण देने, 1366 अनुबंधित फायर मैनों व ड्राइवरों को जॉब सुरक्षा की गारंटी दिए बिना 2023 फायर ऑपरेटरों की भर्ती करने की बात कही है।
इस पर संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सरकार द्वारा उक्त मांगों को लागू करने से सभी कर्मचारियों को लाभ नहीं मिलेगा। मात्र 1800 कर्मचारियों की भर्ती ऊंट के मुंह में जीरा के बराबर है। जोखिम भत्ता के स्थान पर स्वच्छता अभियान के नाम पर प्रतियोगिता करवा कर दो हजार व 1000 रुपये देने की बात प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के साथ भद्दा मजाक है। शास्त्री ने कहा कि जब तक सरकार 16 सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं करेगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल को दबाना चाहती है सरकार : शास्त्री
नगर पालिका कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय हड़ताल को सरकार दबाना चाहती है। इसके लिए पत्र जारी कर एस्मा लगाने की तैयारी की है। संघ इसका पुरजोर विरोध करता है। साथ ही संघ ने 21 अक्तूबर को सभी पालिकाओं, परिषदों निगमों व फायर विभाग में एस्मा लगाने की धमकी के पत्र की प्रति जलाने का निर्णय लिया है।
- नरेश कुमार शास्त्री, प्रदेश अध्यक्ष नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा