रोहतक के कच्ची गढ़ी मोहल्ले में बुधवार की रात छह-सात युवकों ने घर में घुसकर एमडीयू (महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय) के सफाई कर्मचारी के भाई बिजेंद्र (50) की पीट-पीटकर हत्या कर दी, साथ ही उसके बेटे अनिल को घायल कर दिया। बिजेंद्र रेहड़ी लगाता था।
शक है कि पुलिस मुखबिरी के शक में वारदात को अंजाम दिया गया है, जबकि पुलिस को दी शिकायत में घटना की वजह रंजिश बताई गई है। देर रात पुलिस नगर निगम के पूर्व पार्षद तिलकराज खड़का, नरेन्द्र उर्फ छोटू, राहुल, विक्कु निवासी कच्ची गढ़ी मोहल्ला, जीतू निवासी दरवाजा मोहल्ला, सच्चु निवासी निवासी कच्चा बेरी रोड, सागर देशवाल, छोटा, कपिल निवासी कन्हैली व जीतू निवासी दरवाजा मोहल्ला के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
आरोप है कि आरोपी कॉलोनी में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े हैं। सीसीटीवी फुटेज में युवक घर के अंदर घुसते और निकलते हुए नजर आ रहे हैं।पुलिस के मुताबिक कच्ची गढ़ी मोहल्ला निवासी अनिल उर्फ अली ने दी शिकायत में बताया कि तिलकराज उर्फ खड़का और इसके परिवारों और रिश्तेदारों से पुरानी रंजिश है। सात-आठ साल से बोलचाल भी बंद है।
इसी पुरानी रंजिश के चलते बुधवार रात करीब डेढ़ बजे नरेन्द्र उर्फ छोटू, राहुल, विक्कू, जीतू, सच्चू, सागर देशवाल, छोटा, कपिल, जीतू ने अपने चार-पांच साथियों और पूर्व पार्षद तिलकराज उर्फ खड़का के साथ मिलकर साजिश रची और परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। घर में वह, छोटे भाई की पत्नी अंजली, उसकी पत्नी वर्षा व छोटे बच्चे मौजूद थे। छोटू और उसके साथी उनको घसीटते हुए गली में ले आए। इसके बाद लात-घूसों से बहुत मारा। उसके सगे चाचा प्रविन्द्र और उसके लड़के हितेश को भी पीटा। आरोपी उसके पिता बिजेंद्र को अधमरा करके दूसरे मकान में ले गए। 10 मिनट बाद वापस घर के बाहर गली में फेंक कर चले गए। इसके बाद सफेद रंग की कार और काली स्काॅर्पियो में बैठकर फरार हो गए।