रोहतक। खेल खिलाड़ी मंच ने बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक की पोल गिरने से हुई मृत्यु के मामले में राज्य मानव अधिकार आयोग के हस्तक्षेप का स्वागत किया है। मंच ने जिला प्रशासन की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट को अधूरा और निराशाजनक बताया है।
मंच के प्रतिनिधियों का कहना है कि नवंबर 2025 में हुई इस दुखद घटना के संबंध में आयोग द्वारा विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई थी लेकिन प्रशासन ने केवल मैदान निर्माण के लिए राशि की अनुशंसा भेजकर औपचारिकता निभाई है। मंच का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही और खेल आधारभूत संरचना की खराब स्थिति ही इस हादसे का मुख्य कारण है।
मंच ने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही आयोग के चेयरपर्सन से मुलाकात करेगा तथा इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने की भी मांग की गई है। संवाद