स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह में शामिल तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों नशे की लत पूरी करने को वारदात करते थे। आरोपियों से पूछताछ में स्नैचिंग की तीन वारदात का खुलासा हुआ है। आरोपियों से वारदात में छीने गए मोबाइल फोन, नकदी व वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद हुए हैं। आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि मुस्कान निवासी गढ़ी मोहल्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 18 फरवरी को मुस्कान कॉलेज की छुट्टी होने पर शिव मंदिर के रास्ते अपने घर जा रही थी। जब वह इंडियन आयल वेयर हाउस के पास पहुंची तो पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक आए और मुस्कान के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान 25 फरवरी को जनता कालोनी पुलिस चौकी की टीम ने एएसआई बलराज के नेतृत्व में छापामारी करते हुए तीनों आरोपी अभिषेक निवासी शिवाजी कॉलोनी हाल आजाद नगर, कर्ण उर्फ साहिल व केशव निवासी ओल्ङ हाउसिंग बोर्ड रोहतक को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नशा करने के आदी है। आरोपियों ने नशे के लिए पैसों की जरूरत के लिए वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों से स्नेचिंग की दो अन्य वारदात का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों से वारदात में छीने गए दो मोबाइल फोन, 3 हजार रुपये व वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटर व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
वारदात का खुलासा
- आरोपियों ने 18 फरवरी की शाम करीब साढ़े 6 बजे आरा वाली गली के पास से मोटरसाइकिल पर सवार होकर गली में जा रही युवती से पॉलिथीन बैग छीनने की वारदात को अंजाम दिया। बैग में 4 हजार रुपये व अन्य सामान था।
- आरोपियों ने 23 फरवरी की दोपहर शिव मंदिर के पास से स्कूटी पर सवार होकर सड़क पर जा रही युवती के हाथ से मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम दिया।