नागरिक अस्पताल में तैयार हो रहा आईसीयू। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। नागरिक अस्पताल के पुराने भवन में आईसीयू बन कर तैयार हो चुका है। बस यहां बिजली फिटिंग का कार्य बचा है और सिविल वर्क पूरा हो चुका है। जैसे ही बिजली तथा छोटी-छोटी अन्य चीजों की फिटिंग हो जाएगी, इसकी सुविधाएं शुरू हो जाएगा। हालांकि पिछले काफी समय से आईसीयू स्थापित करने का कार्य चला हुआ है लेकिन कभी मशीनों तथा कभी प्रशासनिक व्यवस्थाओं के चलते इसके निर्माण में लगातार देरी हो रही ह्रै। ा स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग को 16 लाख 53 हजार रुपये दे दिए गए हैं। जैसे ही अब बिजली फिटिंग का कार्य पूरा होता है तो आमजन को आईसीयू की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस समय आईसीयू में मशीनें तथा अन्य सामान फिट हो चुका है। अब इसमें बेड लगाने तथा उन पर वेंटिलेटर लगाने का कार्य बाकी रह गया है। इसके अलावा बिजली फिटिंग का भी वर्क बचा है। अस्पताल में 18 बेड का आईसीयू तैयार हो रहा है। इनमें दस बेड गंभीर मरीजों तथा चार वेंटिलेटर से मरीज को हटाने के बाद रखने के लिए होगा। इसके अलावा चार बेड बच्चों के लिए भी होंगे। अस्पताल में बने 18 बैड के बने आइसीयू को चलाने के लिए आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलावा 24 स्टाफ नर्स की जरूरत है लेकिन नागरिक अस्पताल में कुल 17 चिकित्सक ही तैनात हैं और इसमें भी विशेषज्ञ चिकित्सक भी नहीं हैं। स्टाफ को लेकर अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए मुख्यालय को पत्र लिखा है कि आइसीयू को जल्द से जल्द चालू करने के लिए स्टाफ उपलब्ध करवाए जाए।
मुख्यालय की तरफ से जल्द से जल्द आईसीयू को चालू करने के आदेश मिले हुए हैं। बिजली फिटिंग का कार्य बचा है। जैसे ही फिटिंग पूरी हो जाएगी आईसीयू को चालू कर दिया जाएगा। आईसीयू चलाने के लिए स्टाफ की कमी को लेकर मुख्यालय को पत्र के माध्यम से अवगत करवाया गया है।
--डॉ. लोकवीर, प्रधान चिकित्सा अधिकारी।