माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। सांपला खंड के गांव हसनगढ़ के ढाबा संचालक गुलाब सिंह यादव (50) की हत्या के छह दिन बाद भी राज नहीं खुल सका है। परिजनों का कहना है कि पुलिस अधिकारी केवल यह कह रहे हैं कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। हत्या आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी ने चार टीमों का गठन किया हुआ है।
हसनगढ़ निवासी देवेंद्र यादव ने सांपला थाने में 29 दिसंबर को एफआईआर दर्ज कराई थी कि उनके पिता गुलाब सिंह यादव ने पांच साल पहले गांव से बाहर खरखौदा-सांपला मार्ग पर ढाबा खोला था। रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे उसके पिता बाइक पर घर से ढाबे पर आ रहे थे।
रास्ते में किसी ने लूटपाट के इरादे से गला रेतकर हत्या कर दी। साथ ही बाइक व मोबाइल फोन भी हमलावर ले गए। ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने सीआईए प्रथम, सीआईए द्वितीय, एवीटी व सांपला पुलिस की टीमें गठित कर रखी हैं। सांपला थाना प्रभारी पंकज कुमार का कहना है कि पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। उम्मीद है कि जल्द कामयाबी मिलेगी।