माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। कच्चा चमारिया रोड स्थित फौजी फार्म हाउस पर मृत मिले नेपाल के तीनों युवकों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों का तीन सदस्यीय पैनल कर रहा है। शुक्रवार को एक युवक राजकुमार के शव का पोस्टमार्टम हो सका लेकिन मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका।
जांच के लिए पुलिस ने विसरा जांच के लिए मधुबन लैब भिजवाया है। दूसरे युवकों कमल व संतोष के शव का पोस्टमार्टम नेपाल से परिजनों के आने के बाद होगा। शनिवार या रविवार को परिजन रोहतक पहुंच सकते हैं।
जांच अधिकारी एसआई मनदीप राठी ने बताया कि कच्चा चमारिया रोड पर सेक्टर-34 निवासी नरेंद्र ने साथियों के साथ मिलकर फार्म हाउस खोल रखा है। वहां पर नेपाल के लुंबिनी प्रदेश निवासी राजकुमार, कमल व संतोष खाना बनाते थे। तीनों की उम्र 20 से 24 साल के बीच है।
तीनों वीरवार दोपहर तक फार्म स्थित कमरे से बाहर नहीं आए। शक होने पर दरवाजा खोलकर देखा तो तीनों मृत मिले। शक है कि फार्म हाउस पर नए साल की पार्टी चली। इसके बाद राजकुमार ने दोनों युवकों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। तीनों कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए। इसके चलते जहरीली गैस बनने से मौत हो गई। हालांकि, पुख्ता तौर पर मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा।