रोहतक। सांघी गांव में शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा में एक युवती की शादी हुई, जबकि शनिवार को उसके भाई की बरात जाएगी। शादी के दौरान 10 पुलिसकर्मी गांव में मौजूद रहे, जो शनिवार को भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आरोपियों की गिरफ्तारी तक स्पेशल सुरक्षाकर्मी पीड़ित परिवार की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
पुलिस के मुताबिक सांघी गांव निवासी सचिन (21) ने 10 फरवरी को शिकायत दी थी कि उसकी बहन निशा की 18 फरवरी व उसकी 19 फरवरी को शादी तय है। वे दोनाें अपनी चाची मीनू के साथ कार में सवार होकर रोहतक खरीदारी करने जा रहे थे। गांव में जब वे एक मकान के बाहर पहुंचे तो दो बाइक सवार चार लोगाें ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोलियां उसकी कमर, बहन के हाथ व चाची की हथेली में लगी। आरोपियों में एक कृष्ण है, जो उनका पड़ोसी है। आरोपी के साथ पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। आरोपी ने अपने भाई सुरेंद्र के साथ साजिश रचकर अपने साथियों के मिलकर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने आरोपी कृष्ण व उसके भाई सुरेंद्र सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। साथ ही पूरे परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करवाई थी। तीनों घायलों को उपचार के बाद पीजीआई से छुट्टी मिल गई थी।
वर्जन
सांघी गांव में पूरे परिवार को सुरक्षा दी गई है। शुक्रवार को परिवार में युवती की शादी थी। समारोह में 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे। जबकि शनिवार को युवती के भाई की शादी है। फोर्स समारोह में ही तैनात रहेगी। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है, लेकिन अभी कामयाबी नहीं मिली है।
- इंस्पेक्टर जयनारायण, प्रभारी सदर थाना