रोहतक। शहर की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट को किसी की नजर लग गई है। ग्राहकों के लिए सुरक्षित मानी जाने वाली मार्केट में दो दिन में दो वारदात हो गई है। भाई के साथ मार्केट में खरीदारी करने आए टिटौली के बीकॉम के छात्र से जहां बाइक सवार मोबाइल छीनकर ले गए, वहीं झज्जर से कपड़ा खरीदने आए व्यक्ति की जेब से किसी ने 42 हजार रुपये निकल लिए। एक केस पुरानी सब्जी मंडी तो दूसरा सिटी थाने में दर्ज किया गया है।
स्कूटी पर मंदिर के बाहर भाई का इंतजार कर रहा था छात्र
पुलिस के मुताबिक टिटौली गांव निवासी उधम सिंह ने दी शिकायत में बताया कि 13 फरवरी को वह अपने भाई के साथ शौरी मार्केट में खरीदारी करने आया था। उसका भाई मार्केट में चला गया, जबकि वह शौरी मार्केट के बाहर मंदिर के सामने सड़क से दूसरी तरफ एक्टिवा पर बैठकर भाई का इंतजार कर रहा था। तभी बाइक पर दो युवक पुराने बस स्टैंड की तरफ से आए और झपटा मारकर उसका मोबाइल छीनकर भाग गए। उसने स्कूटी पर युवकों का पीछा भी किया, लेकिन भीड़ में बाइक सवार अदृश्य हो गए। पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने स्नेचिंग का मामला दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
कंबल खरीदने आए झज्जर के किसान की जेब से 42 हजार निकाले
वहीं, शौरी मार्केट में झज्जर जिले कीबादली तहसील के गांव खेड़का गुज्जर के तेजपाल की जेब से किसी ने कपड़े की दुकान पर 42 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। शक दुकान पर आई दो महिलाओं पर है, जो सीसीटीवी कैमरे में किसान के साथ खड़ी दिखाई दे रही हैं। इस संबंध में सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक तेजपाल ने दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बेटी के लिए पत्नी व बहन के साथ कंबल खरीदने के लिए शौरी मार्केट में आया था। सोमवार को जब दुकान पर कंबल देख रहा था, तभी किसी ने जेब के अंदर से 42 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। कंबल खरीदने के लिए पैसे संभाले तो उसे वारदात का अहसास हुआ।
दो महिलाएं दिखाई दे रही सीसीटीवी में
शिकायतकर्ता का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे में दो महिलाएं दिखाई दे रही हैं। जब वह दोनों हाथों को ऊपर करके कंबल देख रहा था, तब एक महिला उसके नजदीक आकर खड़ी थी। उसका महिला की तरफ ध्यान नहीं गया। दोनाें महिलाएं तत्काल मौके से चली गई। उसे पूरा शक है कि महिला ने जेब से पैसे निकालकर दूसरी को दे दिए। थोड़ी देर बाद ही बिना किसी खरीदारी के दोनों वहां से चली गई। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी है। एक महिला की उम्र 25 से 30 तो दूसरी महिला की उम्र 45 साल के करीब दिखाई दे रही है।
वर्जन-
शहर में कपड़े की सबसे ज्यादा खरीद-फरोख्त शौरी मार्केट में होती है। ऐसे में ग्राहकों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए हर गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। दोनों वारदात मेरे संज्ञान में हैं, लेकिन पुलिस या पीड़ित पक्ष ने संपर्क नहीं किया है। पुलिस आती है तो जांच में सहयोग किया जाएगा।
- गुलशन ईशपुनियानी, प्रधान शौरी मार्केट