निगम कमिश्रनर प्रदीप गोदारा से हिसार रोड की दुकान के निर्माण की मांग को लकर मिलते दुकानदार । संव?
रोहतक। हिसार रोड के व्यापारी शुक्रवार को व्यापारी नेता राजेश उर्फ टीनू के नेतृत्व में निगम कमिश्नर प्रदीप गोदारा से मिले और हुडा को पैसा देकर दुकानों का जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। आयुक्त ने आश्वासन दिया कि इसके लिए हुडा को जल्द पत्र लिखा जाएगा। पूरे मामले में आगे की कार्रवाई के लिए आयुक्त ने एसटीपी केके वार्ष्णेय को जिम्मेदारी दी हुई है।
एलिवेटिड रोड के निर्माण के बाद हिसार रोड को चौड़ा करने की मांग चल रही है। इसके चलते पुराने गर्वमेंट स्कूल के सामने 73 दुकानों को पीछे करने की मांग की गई। इसके लिए 2009 से प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा सरकार आने के बाद योजना ने तेजी पकड़ी। इसके लिए 40 दुकानदारों ने 2 लाख से ज्यादा राशि निगम के पास जमा करवाई हुई है, जिनकी दुकान की लंबाई 12 से 27 फीट होनी है। जबकि 33 दुकानदारों ने डेढ़ लाख से ज्यादा राशि जमा करवाई हुई है, जिनकी लंबाई 12 से 22 फीट होनी है। लंबे समय से पैसे जमा होने के बावजूद दुकानों की पूरी रजिस्ट्री कराने व निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ। इसके चलते दुकानदार निगम आयुक्त से मिले और निर्माण कार्य करवाने की मांग की।
हाउस से मिल चुकी है हरी झंडी
पिछले दिनों हाउस की मीटिंग में योजना को हरी झंडी दे दी गई। हालांकि अभी तक प्रोसिडिंग जारी नहीं हुई है। ऐसे में एलओ ब्रांच मामले में आगे की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ा सकी। इसके चलते इंतजार कर व्यापारी आयुक्त से मिले और दुकानदारों के नाम रजिस्ट्री करवाकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
बैंक से ले रखा है कई व्यापारियों ने लोन
व्यापारियों में किसी ने बैंक से लोन तो किसी ने उधार लेकर राशि दी हुई है। जल्द दुकानों का निर्माण कार्य शुरू होगा तो रोजगार बढ़ेगा। इस कारण निगम अधिकारियों से आग्रह किया है कि हुडा को कहकर दुकानों का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए।
राजेश उर्फ टीनू, व्यापारी नेता