संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। वार्ड नंबर 27 अजय नगर की गली नंबर 3 में सीवर का पानी भरने से वार्ड के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाज सेवी राजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि वार्ड नंबर 27 के पार्षद को भी इस स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया। गली में सीवर का गंदा पानी जमा होने से मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ा है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि गली में ओवर फ्लो से जाम सीवर की तुरंत सफाई करवाई जाए अन्यथा वह इस मुद्दे पर मुहिम छेड़ेंगे, जिसका खामियाजा जिला प्रशासन को भुगतना पड़ेगा।
स्थानीय लोग प्रशासन से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में फैली दुर्गंध और संक्रमण के खतरे से राहत मिल सके।