रोहतक। पीजीआई में मंगलवार को दूसरे दिन भी सर्वर ठप रहा। इसकी वजह से ओपीडी की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई रहीं। मरीजों को इलाज व दवाओं के लिए खासी परेशानी उठानी पड़ी।
संस्थान प्रबंधन ने हाथ से कार्ड बनाने के लिए कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई। इसके बाद कुछ मरीजों को राहत मिली।
मंगलवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ इलाज के लिए पहुंचने शुरू हो गई थी। यहां दूरदराज से करीब छह हजार से अधिक मरीज पहुंचे। इन्हें पहले कार्ड बनवाने, फिर चिकित्सक से परामर्शन लेने के बाद दवाई के लिए लंबी कतार में खड़े रहना पड़ा।
सर्वर डाउन होने के कारण ओपीडी में लोगों के कार्ड नहीं बने। इस कारण ओपीडी काउंटर पर लंबी लाइनें नजर आई। मरीजों की सुविधा के लिए हाथ कार्ड बनाने की व्यवस्था की। प्रशासन के इस कदम से कार्ड बनने लगे। चिकित्सक से परामर्श के बाद मरीज दवा लेने के लिए दवा खिड़की पर देर तक खड़े नजर आए। यहां भी सर्व के काम नहीं करने की वजह से अव्यवस्था बनी रही।
ऐसे में दूर-दराज से आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना पड़ रहा है। ओपीडी में कार्ड, दवा, एक्सरे से लेकर रिपोर्ट भेजने की व्यवस्था ऑनलाइन है। अचानक खराब हुआ सर्वर अब तक ठीक नहीं हो पाया है। हालांकि प्रशासन मेनुअल कार्ड बनाकर खानापूर्ति की जा रही है। ऐसे में कई मरीजों को बगैर इलाज के वापस लौटना पड़ रहा है। संवाद