नगर पालिका चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरम है। शुक्रवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद 27 दिसंबर को मतदान होगा, जिसकी प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली हैं। अगर कोई मतदाता कोरोना संक्रमित मिलता है तो उसे पीपीई किट स्वास्थ्य विभाग देगा, जिसके लिए वीरवार को चुनाव अधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग के डाक्टरों के बीच मीटिंग हुई। वहीं, चुनाव पर्यवेक्षक अजय सरोहा व अनूप सिंह की टीम उम्मीदवारों के खर्च पर नजर रख रही है। वीरवार को अधिकारियों ने चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों से खर्च का रिकॉर्ड मांगा। इसमें से केवल 20 उम्मीदवार ही आधी अधूरा ब्योरा लेकर पहुंचे। बता दें कि नपा चुनाव में छह चेयरपर्सन व 42 पार्षद पद के उम्मीदवार मैदान में है। इनमें से 28 प्रत्याशियों ने अब तक खर्च का ब्योरा नहीं दिया है। एटीओ अजय सरोहा ने बताया कि सभी खर्च का ब्योरा न देने वाले प्रत्याशियों को सूचना दे दी है कि वे शुक्रवार तक अपना खर्च दिखाएं। उसके बाद ब्योरा न देने वाले प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर अगले पांच साल तक के लिए अयोग्य भी घोषित किया जा सकता है।
प्रत्याशी को मतदान केंद्र में आपत्ति मिले तो करें शिकायत
सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मतदान केंद्रों में कोई आपत्ति मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत सुपरवाइजर अथवा आरओ या जिम्मेदार अधिकारी को इसी सूचना दें। जिसे पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। मतदान केंद्र के भीतर किसी भी मतदाता अथवा एजेंट इत्यादि को मोबाइल फोन लेकर जाने की अनुमति नहीं हैं। सिक्योरिटी गार्ड को भी मतदान केंद्र के बाहर खड़ा रहना होगा।
मास्क उतरवाकर भी करेंगे पहचान
बीएलओ अपने बूथों के तहत आने वाले मतदाताओं को वोटर स्लिप बांट रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि पंद्रह प्रकार के पहचान पत्र दिखाकर मतदान किया जा सकता है। पहचान के लिए मतदाता का मास्क उतरवाकर कर देखा जा सकता है। जिस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता की अनुपालना की अपील की गई है।
आखिरी घंटे में डलवाया जाएगा कोरोना संक्रमित का वोट
सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की वीरवार को मीटिंग हुई। इसमें कोरोना संक्रमण काल के बीच मतदान कराने को लेकर किए जाने वाले उपायों पर मंथन किया गया। चुनाव अधिकारी ने कहा कि 27 दिसंबर को मतदान सुबह आठ बजे से शाम साढे़ पांच बजे तक होगा। ऐसे में स्वस्थ व्यक्ति को साढ़े चार बजे तक अपना मतदान कर लेना होगा। उसके एक घंटा यानी साढे़ पांच बजे तक कोरोना संक्रमित मतदाता वोट डालने पहुंचेंगे। कोरोना संक्रमित व्यक्ति स्वास्थ्य अधिकारी की निगरानी में वोट डालेंगे।
स्वास्थ्य विभाग देगा मास्क व दस्ताने
वरिष्ठ चिकित्सक धर्मेंद्र का कहना है कि नगरपालिका सांपला में 14377 मतदाता हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी 16 बूथों पर करीब 40 लोगों की ड्यूटी लगाई है। जो मतदाता मास्क पहन कर नहीं आया तो उसको बूथ पर मास्क दिया जाएगा। इसके अलावा विभाग ने दस्ताने भी मंगवा लिए हैं। विभाग के लिए ये अच्छी खबर है कि सांपला में एक बच्चे को छोड़कर हाल मेें कोई एक्टिव कोरोना पॉजिटिव केस नहीं है। पहले करीब 240 केस हो चुके है वे सब ठीक है। वह किसी भी समय मतदान कर सकते हैं। डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि हर बूथ पर थर्मल स्कैनिंग की भी व्यवस्था की जाएगी।