भारतीय क्रिकेट टीम के स्तंभ सचिन तेंदुलकर रविवार से हरियाणा के खिलाफ शुरू होने वाले रणजी मैच को पूरी गंभीरता से ले रहे हैं।
शनिवार
को उन्होंने लाहली स्थित चौ. बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में उसी जोश के साथ
कई घंटे मैदान पर पसीना बहाया, जितना कि 24 साल पहले अपने पहले
अंतर्राष्ट्रीय मैच से पहले बहाया था। वे लगभग चार घंटे तक स्टेडियम में
रहे और बॉलिंग और बैटिंग दोनों का ही अभ्यास किया। उन्होंने थोड़ी देर वहीं
के ड्रेसिंग रूम में आराम किया और फिर अभ्यास में जुट गए।
उनके
कॅरियर का यह अंतिम रणजी मैच हो सकता है, इस वजह से भी वे इसमें अपना सौ
प्रतिशत प्रदर्शन देकर क्रिकेट प्रेमियों को तोहफा देना चाहते हैं, इसलिए
अभ्यास में उन्होंने कोई कोताही नहीं बरती। उनके साथ मुंबई टीम ने भी मैदान
पर अभ्यास किया। वहीं, हरियाणा की टीम ने भी सचिन ब्रिगेड को टक्कर देने
के लिए पूरी तैयारियां कीं।
सचिन की कार को प्रशंसकों ने घेरा
सचिन
जब लाहली स्टेडियम जाने के लिए कैनाल रेस्ट हाउस से निकले तो प्रशंसकों ने
उनकी गाड़ी को घेर लिया, जिन्हें हटाने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
काफी प्रयास के बाद पुलिस ने प्रशंसकों को पीछे हटाया और सचिन तेंदुलकर की
गाड़ी को लाहली के लिए रवाना किया। सुबह से लेकर देर रात तक सचिन के
प्रशंसक इस इंतजार में खडे़ रहे कि उन्हें सचिन की एक झलक ही मिल जाए।
एक झलक पाने को स्टेडियम के बाहर डटे रहे प्रशंसक
शनिवार
सुबह करीब सवा दस बजे कैनाल विश्राम गृह से मुंबई रणजी टीम के सदस्य सचिन
तेंदुलकर, जहीर खान, अजिंक्य रहाणे, वसीम जाफर और अभिषेक नायर सहित सभी
खिलाड़ी चौ. बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम लाहली पहुंचे। उनकी एक झलक पाने के
लिए लगभग एक हजार क्रिकेट प्रशंसक स्टेडियम के बाहर डटे रहे। कड़े सुरक्षा
इंतजाम की वजह से कोई भी अंदर दाखिल नहीं हो पाया।
सुबह नौ बजे शुरू होगा मैच, मुख्यमंत्री भी पहुंचेंगे लाहली
लाहली
स्थित चौ. बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार सुबह नौ बजे मुंबई और
हरियाणा के बीच ऐतिहासिक रणजी मैच शुरू होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री
भूपेंद्र सिंह हुड्डा मैच देखने के लिए सुबह लाहली पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री
सुबह हेलीकाप्टर से रोहतक पहुंचेंगे। इसके बाद वे लाहली के लिए रवाना
होंगे। साथ ही साढे़ आठ बजे मुंबई की टीम के खिलाड़ी लाहली स्थित स्टेडियम
में पहुंच जाएंगे। खिलाड़ियों और वीआईपी लोगों के लिए स्टेडियम में पहुंचने
के लिए अलग से गैलरी बनाई गई है। साथ ही दर्शकों के लिए चार गेट खोले
जाएंगे।
मैच की तैयारियां पूरी
बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष
अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि मुंबई से आई विशेष टीम ने लाहली की पिच का
निरीक्षण किया। मैच की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुरक्षा और अन्य
बंदोबस्त पुख्ता किए गए हैं।
ये होंगे आमने-सामने
हरियाणा
की तरफ से अजय जडेजा, नितिन सैनी, अभिमन्यु खोड़, सन्नी सिंह, राहुल
दीवान, यज्ञवेंद्र चहल, जोगिंद्र शर्मा, सचिन राणा, मोहित शर्मा, आशीष
हुड्डा, हर्ष पटेल और संजय को संभावित 16 सदस्यीय टीम में रखा गया है। टीम
की कमान कोच और कप्तान अजय जडेजा को सौंपी गई है। मुंबई की तरफ से सचिन,
जहीर, वसीम जाफर, अभिषेक नायर, अजिंक्य रहाणे, धवल कुलकर्णी, बलविंद्र
सिंह, कोस्तुभ पवार, हिकेन शाह, विशाल धाबोलकर, जावेद खान, सुलक्षण
कुलकर्णी, आदित्य तारे, इकबाल अब्दुला, सिद्धेश् व सूफियान शेख के अलावा
अमोल पंडित, सागर पुजारी, निरवान और सौरभ संभावित टीम के सदस्य माने जा रहे
हैं। हालांकि अभी दोनों टीमों के खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी नहीं हो
पाई है, जो रविवार सुबह जारी की जाएगी।
शहर के सभी होटल और धर्मशालाएं बुक
सचिन
के अंतिम रणजी मैच को देखने के लिए रोहतक ही नहीं पूरी दुनिया के क्रिकेट
प्रेमियों में गजब का उत्साह है। रविवार से हरियाणा और मुंबई रणजी टीम के
बीच शुरू हो रहे चार दिवसीय मैच को देखने के लिए देश के कोने-कोने से खेल
प्रेमी रोहतक पहुंच गए हैं। हालात यह है कि शहर और आसपास के क्षेत्र के सभी
होटल और धर्मशालाओं के कमरे बुक हो चुके हैं। यहां तक कि होटल वालों ने
कमरों के रेट भी दुगुने कर दिए हैं। शहर में बाहर से करीब तीन हजार क्रिकेट
प्रेमी पहुंचे हैं। जिला पुलिस ने भी होटल व अन्य स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा
दी है। एसपी राजेश दुग्गल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और इस बारे
में उचित दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने कड़ी की सुरक्षा
किसी
भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में अलग से रिजर्व फोर्स और पीजीआई
प्रशासन को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। स्टेडियम के बाहर घुड़सवार
पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों की
अलग से टीम लगाई है। मैच को लेकर झज्जर के एसपी विकास धनखड़ को सुरक्षा का
जिम्मा सौंपा गया है। सुरक्षा को लेकर नौ डीएसपी, 25 इंस्पेक्टर, 27 सब
इंस्पेक्टर और 872 हवलदार व सिपाहियों की तैनाती की गई है।
सचिन के आखिरी मैच में साथ होना यादगार : जहीर
मुंबई
रणजी टीम के कप्तान व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर जहीर खान ने कहा कि टीम
पूरी तरह से बैलेंस है और उनके पास सचिन तेंदुलकर, वसीम जाफर और अजिंक्य
रहाणे जैसे शानदार बल्लेबाज हैं। सभी खिलाड़ियों के लिए खुशी की बात है कि
वे सचिन के आखिरी रणजी मैच में उनके साथ खेलेंगे। मैदान के बारे में जहीर
खान ने कहा कि यहां व्यवस्था अच्छी है और पिच में भी स्विंग है, जो
गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होगा।
हरियाणा की टीम के लिए यह सौभाग्य : जडेजा
हरियाणा
टीम के कप्तान एवं पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेटर अजय जडेजा ने कहा कि हरियाणा
की टीम के लिए यह सौभाग्य है कि सचिन तेंदुलकर अपना आखिरी रणजी मैच उनके
खिलाफ खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है।
वहीं, सचिन से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि सचिन की जगह कोई नहीं ले
सकता। सचिन के खिलाफ रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि रणनीति को हर टीम
बनाती है। हरियाणा की टीम भी बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।
अब मिस यू तेंदुलकर लिखकर आएगा सुधीर
लाहली
स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर का आखिरी रणजी मैच देखने के लिए रांची से उनका
फैन सुधीर भी पहुंचा है। उसे भी स्टेडियम के अंदर जाने में काफी दिक्कतों
का सामना करना पड़ा। बाद में सचिन तेंदुलकर के हस्तक्षेप के बाद सुधीर
स्टेडियम के अंदर पहुंच पाया। सुधीर ने कहा कि सचिन का यह आखिरी रणजी मैच
है और उन्हें उम्मीद है सचिन इसमें दोहरा शतक लगाकर इसे यादगार बनाएंगे।
साथ ही उन्हें दुख है कि सचिन संन्यास ले रहे हैं, लेकिन अब वे सचिन
तेंदुलकर का नाम लिखकर मैदान में नहीं आएंगे। मिस यू तेंदुलकर लिखकर ही
मैदान में जाएंगे।