62 किग्रा में मनीषा ने स्वर्ण, रीतिका ने रजत, मुस्कान नांदल ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान
रोहतक। सीनियर एशियन चैंपियनशिप में रोहतक की बेटियों ने एक स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य कुल तीन पदक जीते। शुक्रवार को हुए मुकाबले में 62 किलोग्राम भारवर्ग में मनीषा ने स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले शनिवार को रीतिका हुड्डा ने रजत पदक जीता। इसके अलावा, मुस्कान नांदल ने 58 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। तीनों पहलवान छोटू राम स्टेडियम में कोच मनदीप के पास अभ्यास करती हैं।
सीनियर एशियन चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहतक शहर की महिला पहलवानाें ने शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता जॉर्डन के अम्मान में खेली जा रही है। शुक्रवार को हुए मुकाबलों में रोहतक की मनीषा भनवाला ने 62 किलोग्राम भारवर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
कोच मनदीप ने बताया कि मनीषा ने पहले मैच में कजाकिस्तान की पहलवान दुबेक को 11-0 से हराया। दूसरे मैच में साउथ कोरिया की पहलवान को 3-0 से हराया। सेमीफाइनल मैच में किर्गीजस्तान की पहलवान को 5-0 से हराया। फाइनल मैच में नाॅर्थ कोरिया की पहलवान को 8-7 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। मनीषा ने कोच मनदीप ने विजेता पहलवानों की सराहना की व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आगे भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
पिता की मौत के बाद भी नहीं टूटी, 2022 में सीनियर एशियन गेम्स में जीता था कांस्य पदक
मनीषा भनवाला ने बताया कि जिस दिन मैं 2022 में सीनियर एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए जा रही थी, उसी दिन पिता जी का देहांत हो गया। शाम को मेरी फ्लाइट थी। मैं दुखी होकर घर से खेलने के लिए गई, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। इसी सीनियर एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता। आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन (ओएसपी) से रोहतक में जूनियर कोच हूं। फिट होने के लिए कुश्ती खेलना शुरू किया, लेकिन फिर धीरे-धीर रुचि बन गई। परिवार ने पूरा सहयोग किया और बोले- तू मेहनत कर, हम तेरे साथ हैं। 2016 साउथ एशियन में स्वर्ण पदक, 2017 कॉमनवेल्थ गेम में कांस्य, 2022 वर्ल्ड रैंकिंग में स्वर्ण, 2023 वर्ल्ड रैंकिंग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने बताया कि वह जिले के छोटूराम स्टेडियम में कोच मनदीप के पास अभ्यास करती है और मूलरूप से जींद की निवासी हैं।