एआईपीएमटी में हाईटेक तरीके से नकल करवाने का मामला अभी थमा नहीं था कि अब रेलवे भर्ती में उसी अंदाज में नकल करते चार अभ्यर्थी पकड़े गए हैं। पुलिस ने जिले के कलानौर में रेलवे भर्ती परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते दो छात्राओं सहित चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी आंवली निवासी विनोद, खरखड़ा निवासी मंजीत, रिटौली कबूलपुर निवासी पिंकी और रितू परीक्षा केंद्र में ब्लूटूथ से नकल कर रहे थे, उन्हें केंद्र के बाहर बैठा कोई साथी उत्तर बता रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 19 अप्रैल को रेलवे भर्ती बोर्ड का परीक्षा केंद्र कलानौर के मां सरस्वती इंजीनियरिंग कॉलेज में था। केंद्र में ही आरोपी अभ्यर्थी तीसरी शिफ्ट में परीक्षा दे रहे थे। इसी बीच परीक्षा पर्यवेक्षक को अभ्यर्थी विनोद, मंजीत, पिंकी और रितू की गतिविधियों पर शक हो गया। जब उन्होंने विनोद और मंजीत की तलाशी तो दोनों के कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगा मिला। इसके तुरंत बाद महिला पुलिस से दोनों छात्राओं की तलाशी ली गई तो उनके पास से भी ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई। आरोपी अभ्यर्थी इसी के माध्यम से बाहर केंद्र के बाहर बैठे किसी सहयोगी को प्रश्न बताकर उनका उत्तर पूछ रहे थे।
कॉल डिटेल के आधार पर माफिया तक पहुंचेगी पुलिस
अभी तक आरोपियों ने मास्टरमाइंड के नाम पुलिस को नहीं बताएं हैं। अब पुलिस चारों ने बरामद उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर इनके आका तक पहुंचेगी, ताकि मामले का जल्दी खुलासा किया जा सके। अभी तक पुलिस को बाहरी आरोपी के बारे में कुछ ही जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि नकल माफिया ने भारी रकम लेकर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर तक पहुंचाया था। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।