ट्रेन में कोच के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहे यात्री का पैर प्लेटफार्म से टकराकर टूट गया। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने घायल रेलयात्री को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है।
रोहतक के गांव पोलंगी निवासी 28 वर्षीय हरिओम सिंह मंगलवार रात गोरखधाम एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहा था। यात्रा के दौरान वह जनरल कोच के दरवाजे पर बैठ गया। ट्रेन जैसे ही गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंची, तभी पायदान पर रखा उसका पैर प्लेटफाॅर्म से टकराकर टूट गया। गनीमत रही कि वह प्लेटफाॅर्म पर गिरता उससे पूर्व ही पीछे खड़े यात्रियों ने उसे पकड़ लिया। यात्रियों ने घटना की जानकारी टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी।
ट्रेन के टूंडला स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उप निरीक्षक ओमवीर सिंह ने हमराह स्टाफ के साथ घायल रेलयात्री को ट्रेन से उतार लिया। स्टेशन पहुंची रेलवे चिकित्सीय टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस मंगाते हुए अस्पताल भेज दिया।