रशिया में होने वाली वर्ल्ड यूनिवर्सिटी बैडमिंटन चैंपियनशिप में एमडीयू के तीन खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस चैंपियनशिप के लिए एमडीयू के कोच को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। आल इंडिया यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से इस बार बैडमिंटन चैंपियनशिप रशिया में 22 अगस्त से नौ सितंबर तक होगी।
बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए टीम तैयार करने की जिम्मेदारी पंजाब विश्वविद्यालय को दी गई थी। पिछले दिनों हुए ट्रायल में एमडीयू के तीन खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ। टीम में छह खिलाड़ी होंगे, जिसमें एमडीयू के खिलाड़ी सुरेंद्र राठी, अमन कुमार और रोहन शामिल है, जबकि बाकी तीन खिलाड़ी पंजाब विश्वविद्यालय से हैं। साथ ही एमडीयू के कोच कपिल शर्मा को टीम की जिम्मेदारी दी गई है, जिनके नेतृत्व में यह टीम रशिया जाएगी।
रियो ओलंपिक में भी मिल चुका है एमडीयू के खिलाड़ियों को टिकट
बेहतर प्रशिक्षण की बदौलत एमडीयू के खिलाड़ी हर स्तर पर यूनिवर्सिटी का नाम रोशन कर रहे हैं। देश भर में 194 अर्जुन अवाड़ीर् हैं, जिसमें एमडीयू कैंपस से 46 अर्जुन अवाड़ीर् निकले हैं। इसके अलावा भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह और क्रिकेटर मोहित शर्मा ऐसे ढेरों खिलाड़ी है, जो देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में रियो ओलंपिक के लिए भी एमडीयू के कई खिलाड़ियों का चयन हो चुका है।
वीसी ने थपथपाई पीठ, आज होंगे खिलाड़ी सम्मानित
वर्ल्ड यूनिवर्सिटी बैडमिंटन चैंपियनशिपि में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सम्मानित भी किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि के लिए वीसी प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया ने भी खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई और उन्हें मेहनत के साथ आगे बढ़ने के हौसला दिया।
खेल के क्षेत्र में यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी टॉप पर हैं। वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए चयनित होना बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से यूनिवर्सिटी का नाम देश भर में रोशन होगा।
- डॉ. डीएस ढुल, खेल निदेशक एमडीयू