मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से जल्द ही जिले को लगभग 1000 करोड़ रुपये की मनोहर सौगात मिल सकती है। जिनमें शहर के अंदर से होकर गुजर रही रेलवे लाइन की जगह एलिवेटेड ट्रैक, एलिवेटेड रोड, चार पार्किंग शामिल है। कुछ मुख्य सड़कों को बनाने की घोषणा भी हो सकती है। ट्रांसपोर्ट नगर, काठमंडी और डेयरी को शहर से बाहर करने की कवायद उसी दिन से शुरू हो सकती है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तिलयार लेक को राष्ट्रीय स्तर का बनाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इसकी घोषणा सीएम कर सकते हैं। इन वजहों से सीएम की 29 मई को रोहतक में होने वाली रैली को विकास रैली के रूप में देखा जा रहा है। शहर के लोगों को सीएम की इस रैली से काफी उम्मीदें हैं।
सीएम मनोहर लाल खट्टर की 29 मई को रोहतक विधानसभा में रैली होनी है। सीएम की रैली किस जगह होगी यह तय होना अभी बाकी है, लेकिन इस रैली में शहर के लिए क्या-क्या घोषणाएं हो सकती हैं इसे भाजपाइयों ने तय कर लिया है। सीएम की रैली को लेकर सबसे अधिक उत्साहित विधायक मनीष ग्रोवर हैं, क्योंकि उनके विधानसभा क्षेत्र में होने वाली इस रैली में सीएम कई बड़ी सौगात शहर को दे सकते हैं। विधायक मनीष ग्रोवर की मानें तो सीएम रैली में ऐसी घोषणाएं करेंगे, जिनसे शहर की काफी समस्या खत्म होने के साथ ही विकास होता दिखाई देगा। विधायक का दावा है कि शहर में बनने वाली एलिवेटेड रोड की घोषणा के साथ ही उसकी नींव भी सीएम रखेंगे। साथ ही किला रोड, भिवानी स्टैंड, शांतमई चौक, कन्या राजकीय महाविद्यालय के पास चार पार्किंग की घोषणा भी करेंगे। एक बड़ी योजना एलिवेटेड ट्रैक का भी एलान उस दिन सीएम करेंगे। इसके बनने से दिल्ली रोड, सोनीपत रोड, नया बस स्टैंड रोड पर रेलवे फाटक के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। इनके अलावा लंबे समय से ट्रांसपोर्ट नगर, काठमंडी, डेयरियों को शहर से बाहर करने की उठ रही मांग पर मुहर लग सकती है। इन सभी को एक जगह सुनारिया चौक पर ओल्ड शुगर मिल की जगह पर शिफ्ट किया जाना है। वहीं, रोहतक में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तिलयार लेक को नया रंग व रूप देने की तैयारी है। इसके लिए सीएम उसी दिन कोई घोषणा कर सकते हैं। हालांकि यह रैली के दिन ही पता चलेगा कि रोहतक को सीएम के पिटारे से क्या-क्या मिलता है।
इनके बनने से यह होगा फायदा
एलिवेटेड रोड एवं पार्किंग : शहर में अंबेडकर चौक से हिसार रोड तक एलिवेटेड रोड बनाए जाने की योजना है। मेन बाजारों में चार पार्किंग भी बनाई जाएगी। इससे शहर के अंदर जाम की स्थिति नहीं रहेगी। बाहर के वाहन इस रोड से होते हुए शहर के ऊपर से निकल जाएंगे।
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक : रोहतक-गोहाना-पानीपत रेलवे ट्रैक शहर के अंदर से होकर गुजरता है। जिससे ट्रेन आने पर जाम लग जाता है और ट्रैक के आसपास जिन लोगों के मकान हैं, उनको बड़ी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस ट्रैक के बनने से ट्रेन ऊपर से गुजर जाएगी और जाम की स्थिति से छुटकारा मिल जाएगा। वहीं इस ट्रैक के किनारे रहने वालों को काफी राहत मिलेगी।
ट्रांसपोर्ट नगर, काठमंडी, डेयरी शिफ्टिंग : इस समय ट्रांसपोर्ट नगर, काठमंडी पूरी तरह से हिसार रोड पर विकसित है, जिससे वहां आवासीय कालोनियों में बड़ी परेशानी होती है। लोग इसे वहां से शिफ्ट करने की मांग करते हैं। इसी तरह डेयरी शहर के अंदर होने से गंदगी रहती है और डेयरियों की गंदगी से सीवर जाम हो जाते हैं। उससे गंदगी और बढ़ जाती है। इनके शिफ्ट होने से यह समस्याएं खत्म हो जाएगी।
तिलयार लेक : शहर में पर्यटन के लिहाज से ऐसी कोई जगह नहीं है, जहां लोग अन्य जगहों से आते हों। इसलिए तिलयार लेक को पर्यटन स्थल की तरह विकसित करने की योजना है। इससे बाहर से पर्यटक को आएंगे ही शहर के लोग भी परिवार के साथ तिलयार लेक में छुट्टी बिता सकेंगे।