बोहर गांव के नांदल भवन में हुई सर्वखाप पंचायत की बैठक
- फोटो : amar ujala
सांपला में 13 सितंबर को होने वाली सम्मान रैली में खाप आगामी रणनीति बनाएंगी। जाट आरक्षण आंदोलन और उपद्रव के बाद गिरफ्तार किए गए युवाआें की रिहाई और दर्ज केसों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर सांपला में मंथन किया जाएगा। शुक्रवार को बोहर गांव के नांदल भवन में हुई सर्वखाप पंचायत की बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता नांदल खाप के प्रधान महेंद्र सिंह नांदल ने की। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह सोनीपत के कोहला गांव में 13 सितंबर को सम्मान रैली करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन रैली स्थल पर मुहर नहीं लगी थी। इसलिए बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि किसान नेता छोटूराम की जन्मभूमि गढ़ी सांपला में रैली की जाए। इसके लिए विभिन्न खापों के प्रधानों को जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। सम्मान रैली में आरक्षण आंदोलन के दौरान मारे गए युवाओं के परिवारों को स्मृति चिह्न और सहायता राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में रोहतक 84 प्रधान हरदीप अहलावत, अहलावत खाप प्रधान जय सिंह अहलावत, दहिया खाप प्रधान सुरेंद्र दहिया, राठी खाप प्रधान तस्वीर सिंह राठी, सरोहा खाप प्रधान रणधीर सिंह सरोहा, कादियान खाप प्रधान केदार कादियान, हुड्डा खाप प्रधान रामकरण हुड्डा, पूर्व प्रधान धर्मपाल हुड्डा, नांदल खाप प्रवक्ता देवराज नांदल, कैप्टन जगवीर मलिक, महाबीर सिंह कुंडू, राजबीर राज्याण, अशोक मदीना और जसबीर मलिक मौजूद रहे।