पांच जून को आंदोलन के एलाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने गांवों की दौड़ लगानी शुरू कर दी है। अधिकारी गांवों में जाकर लोगों को आंदोलन में नहीं शामिल होने की अपील करने के साथ समझा भी रहे हैं। हालांकि अधिकतर ग्रामीण अधिकारियों की बातों को मानने से इनकार कर दिया है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मंगलवार को बोहर गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से धरना नहीं देने की अपील की, लेकिन लोगों ने कहा कि वह धरना जरूर देंगे लेकिन धरना शांतिपूर्ण होगा। महम एसडीएम प्रदीप अहलावत ने मंगलवार को कार्यालय में सभी नंबरदारों और ग्रामसचिवों के साथ मीटिंग की। सभी से शांति और भाईचारा रखने के लिए विचार विमर्श किया गया। कहा कि अधिकारीगण विभिन्न गांवों का दौरा करेंगे और जनसाधारण की सभी प्रकार की समस्याओं को सुनेंगे। साथ-साथ इलाके में शांति और सभी बिरादरियों में भाईचारा बनाने की हरसंभव कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज समाज को एक साथ जोड़कर, सभी जाति बिरादरी के लोगों को साथ लेकर भाईचारा, सौहार्द और समन्वय बनाकर चलने की आवश्यकता है। इस दौरान महम के डीएसपी गुरदयाल सिंह व नायब तहसीलदार राजकुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
केवल राजीव गांधी स्टेडियम के सामने कर सकेंगे धरना-प्रदर्शन
जिलाधीश अतुल कुमार ने राजीव गांधी खेल परिसर के सामने स्थित सेक्टर-6 के खाली मैदान की जगह को रैली एवं धरना-प्रदर्शन के लिए तय कर दिया है। पुलिस अधीक्षक व एसडीएम को आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने है कि इसके अलावा शहर में और कहीं भी धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। जिलाधीश की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नगर निगम क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-10, न्यायालय परिसर, पीजीआई, एमडीयू, रेलवे रोड, भिवानी स्टैंड, शीला बाईपास, सोनीपत स्टैंड, मेडिकल मोड़ और गोहाना स्टैंड आदि स्थानों पर अक्सर विभिन्न संगठनों द्वारा रैली एवं धरना-प्रदर्शन किया जाता है। लेकिन अब इन जगहों पर धरना-प्रदर्शन प्रतिबंधित कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि राज्य स्तरीय चिकित्सा संस्थान होने के चलते पीजीआई में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आते हैं। नागरिक अस्पताल, न्यायालय परिसर, लघु सचिवालय, तहसील व बाजारों में भी लोगों की काफी संख्या होती है। उपरोक्त स्थानों पर रैली व धरना प्रदर्शन के कारण यातायात में व्यवधान आता है, जिससे ट्रैफिक जाम लग जाता है। इस कारण रैली एवं धरना प्रदर्शन के लिए शहर से बाहर जगह तय की गई है।
एसडीएम ने आपसी भाईचारा बनाए रखने का किया आह्वान
महम। एसडीएम ने प्रदीप अहलावत ने मंगलवार को सब डिविजन में शामिल गांवों के नंबरदारों और ग्राम पंचायत की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, अधिकारी जल्द गांव में दौरान कर ग्रामीणों की समस्याएं जानेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी जाति और बिरादरी के लोग आपसी समन्वय बनाकर चलें। इस मौके पर नायब तहसीलदार राजकुमार शर्मा और डीएसपी गुरदयाल भी मौजूद रहे।