रोहतक में अर्बन एस्टेट थानाक्षेत्र के देवीलाल पार्क के पास एक ऑटो में गंधक-पोटाश के मिश्रण में धमाका हो गया। इसमें एक बच्चा व महिला समेत 8 लोग झुलस गए। राहगीरों ने आनन-फानन में झुलसे लोगों को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी है। पुलिस पूछताछ कर रही है कि पोटाश-गंधक कहां से खरीदी थी। अभी तक मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
गुहाना बस स्टैंड से ऑटो में सवार होकर कुछ लोग छठ मैया पूजा के लिए जा रहे थे। ऑटो में एक युवक ने पोटाश से पटाखा चलाने के लिए पाइप गन में भी पोटाश भर रखा था। उससे धमाका हुआ और ऑटो में रखे पोटाश में भी धमाका हो गया। जिसमें बच्चे समेत 8 लोग झुलस गए। -परमजीत कौर, प्रभारी निरीक्षक थाना अर्बन अस्टेट।
एक्सपर्ट व्यू
दबाव पड़ते ही फट जाता है पोटाश
पीजीआईएमएस के फोरेंसिक एक्सपर्ट का कहना है कि पोटाश ज्वलनशील पदार्थ है। यह यदि तीव्र दबाव में होता है तो दूर तक नुकसान कर सकता है। इसमें यदि कंकड़, लोहे की कील या अन्य धातु के छोटे टुकड़े हो तो धमाके के साथ ये बम फटने की तरह काम करते हैं। इससे शरीर को काफी नुकसान होता है। यदि केवल पोटाश पाउडर जलता है तो यह आसपास तीन से चार फीट तक जला सकता है। पोटाश के यदि गंधक भी मिला हो तो सावधानी अधिक बरतनी चाहिए। इस पर किसी भी तरह का दबाव या गर्मी नुकसानदायक हो सकती है।