एफडीडीआई (फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट) में एडमिशन का सपना संजोए बैठे देशभर के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। सत्र 2016-17 के लिए संस्थान ने इग्नू के साथ एमओयू किया है, जिसे यूजीसी ने भी हरी झंडी दे दी है। इग्नू के साथ एमओयू होने के बाद संस्थान में करीब दो माह से रुकी पड़ी एडमिशन प्रक्रिया को भी शुरू कर दिया गया है।
देशभर में एफडीडीआई के संस्थानों में डिग्री को लेकर विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में है। इसी कारण नए सत्र के लिए मई में एडमिशन प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। अब छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। दरअसल, एफडीडीआई ने इग्नू से एमओयू (करार) किया है। वर्ष 2012 में हुए एमओयू के आधार पर ही इग्नू ने नया एमओयू किया है। इग्नू ने स्पष्ट किया है कि वे केवल उन्हीं कोर्सों के लिए डिग्री देंगे, जो वर्ष 2012 के समय संचालित थे। इसी वजह से संस्थान में छह कोर्सों के लिए एडमिशन होंगे, जबकि 2012 के बाद संचालित हुए दो नए कोर्सों पर फिलहाल रोक रहेगी। नए एमओयू के तहत छात्रों को डिस्टेंस मोड में डिग्री मिलेगी। इस एमओयू को यूजीसी ने भी हरी झंडी दे दी है। यूजीसी से हरी झंडी मिलने के बाद संस्थान की तरफ से एडमिशन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
इन कोर्सों में होंगे एडमिशन
संस्थान में मास्टर डिग्री प्रोग्राम के तहत फुटवियर डिजाइन, रिटेल एंड फैशन, क्रिएटिव डिजाइन और बैचलर कोर्सों में फुटवियर डिजाइन, रिटेल एंड फैशन व फैशन लेदर कोर्सों में एडमिशन होंगे। जबकि फैशन डिजाइन और बिजनेस मैनेजमेंट कोर्स बंद रहेंगे।
अभी तक थे आठ सेंटर, इस वर्ष चार और जुड़े
देशभर में एफडीडीआई के अभी तक आठ सेंटर थे। ये रोहतक, नोएडा, कोलकाता, चेन्नई, गुना (मध्यप्रदेश), छिंदवाड़ा, फुर्सतगंज और रायबरेली में स्थित हैं। अब चार नए सेंटर भी शुरू होंगे। इसमें हैदराबाद, चंडीगढ़, अंक्लेश्वर (गुजरात) और पटना शामिल है। हालांकि अभी चंडीगढ़ सेंटर को लेकर असमंजस है कि यह इसी सत्र से शुरू होगा या फिर अगले सत्र से।
सत्र एक माह लेट
मई के आखिर तक एफडीडीआई में एडमिशन के लिए फार्म जमा हो जाते हैं और अगस्त के पहले सप्ताह में क्लास शुरू कर दी जाती है। लेकिन इस बार एडमिशन प्रक्रिया बीच में रुकने के बाद सत्र लेट होगा। अब जुलाई के आखिर तक फार्म जमा होंगे और प्रवेश परीक्षा। अब सितंबर की शुरुआत में सत्र शुरू होने की उम्मीद है।
वर्जन
संस्थान का इग्नू के साथ एमओयू हुआ है। इसके लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एडमिशन लेने वाले नए छात्रों को डिस्टेंस के तहत डिग्री दी जाएगी।
- अतुल अस्थाना, सेंटर इंचार्ज रोहतक