शमशेर सिंह। फाइल फोटो श्रद्धांजलि अर्पित करते भाजपा नेता व अन्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा रोहतक के महम में जींद रोड निर्माणाधीन टोल के पास तेज गति से आ रहा ऑटो रविवार की रात डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में बीएसएफ के हवलदार खरैंटी निवासी 51 वर्षीय शमशेर सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के सदस्य घायल हो गए। शमशेर बहन के घर जिंदरान गांव में पोता होने की खुशी में हुए कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। लाखनमाजरा थाने में ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। साथ ही हवलदार का सम्मान के साथ खरैंटी गांव में सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया।
लाखनमाजरा पुलिस को दी शिकायत में रविना ने बताया कि उसका परिवार ऑटो में सवार होकर उसकी बुआ के घर गांव जिंदरान गए थे। 26 नवंबर को शाम 8 बजे वापस आते समय ऑटो चालक द्वारा ऑटो लापरवाही व तेज गति से चलाया जा रहा था।
उसे कई बार ऐसा करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बाज नहीं आया। वे ज्यों ही जींद रोड पर निर्माणाधीन टोल पर पहुंचे तो चालक की लापरवाही से ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। उसके ताऊ शमशेर चालक के साथ वाली सीट पर आगे बैठे थे। उनको गहरी चोट लगी। उन्हें इलाज के लिए पीजीआई रोहतक दाखिल कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लाखनमाजरा पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शुक्रवार की रात ही छुट्टी आए थे शमशेर सिंह
मृतक के बेटे सचिन ने बताया कि उसके पिता शुक्रवार देर रात को ही कुछ दिन पहले छुट्टी आए थे। बुआ के घर पोता होने की खुशी में शामिल होने के लिए उसके पिता के अलावा राजेश, दलेर, आशा, रिंकू व भतीजी रवीना भी गए थे। लौटते समय यह हादसा हो गया।
गांव में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
बीएसएफ की टीम इंस्पेक्टर मुकेश के नेतृत्व में गांव में पहुंची और हवलदार शमशेर सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। संस्कार के समय बीएसएफ की टुकड़ी ने सलामी देते हुए हवाई फायर किए। भाजपा कार्यकारिणी सदस्य शमशेर खरकड़ा सहित गण्यमान्य लोग, परिजन व रिश्तेदारों ने हवलदार को श्रद्धांजलि दी। भाजपा नेता ने कहा कि नियमानुसार परिवार की प्रशासनिक मदद की जाएगी।