सीआईए प्रथम ने सैमाण गांव के रोहित हत्याकांड में मुख्य आरोपी अमित उर्फ मीतू व उसके साथी सोनीपत के आंवली गांव निवासी विनय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अमित पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस ने रविवार को दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सीआईए प्रथम इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि 16 जून को सैैमाण गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग करके गांव के रोहित की रंजिश के चलते हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। रोहित के पिता ने महम थाने में केस दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने 2 सितंबर को अमरदीप उर्फ बुरिया निवासी बलियानी, मनप्रीत उर्फ भोलू निवासी दुधवा जिला सोनीपत व अंकित निवासी आवली जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया था। सभी से पूछताछ के बाद पुलिस ने अब मुख्य आरोपी सैमाण गांव निवासी अमित उर्फ मीतू व आंवली निवासी विनय को काबू किया। पूछताछ में पता चला कि रंजिश के चलते वारदात की गई है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेज दिया।