रोहतक। दूरस्थ ग्रामीण इलाकों से शहर में आकर पढ़ने वाली छात्राओं के लिए रोडवेज जल्द ही सात ग्रामीण रूटों पर बस सेवा शुरू करने जा रहा है। सरकार के निर्देश पर मुख्यालय से आए आदेश पर रोहतक डिपो ने रूटों का खाका तैयार कर लिया है। इन सात रूटों से करीब 42 गांवों को कवर किया जाएगा। उधर, महाप्रबंधक का कहना है कि उच्चाधिकारियों की मुहर लगते ही बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
प्रदेश सरकार का बेटियों की सुरक्षा और पढ़ाई पर खासा जोर है। पढ़ाई किसी भी तरह से प्रभावित न हो, इसलिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रोहतक डिपो से पहले ही आठ ग्रामीण इलाके चिन्हीं कानौर, बेरी, सांघाहेड़ा-कलानौर, मूंगाहेड-लाखनमाजरा, दतौड़, महम, कठवाड़ा वाया सांधी, सांपला-मोरखेड़ी होते हुए बस संचालित करवाई जा रही है।आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि पिछले दिनों सरकार को पता चला कि प्रदेश के कई ग्रामीण इलाके ऐसे हैं, जहां की छात्राओं के लिए पढ़ाई के लिए शहर पहुंचना मुश्किल हो रहा है।इस पर सरकार ने रोडवेज के उच्चाधिकारियों को आदेश दिए हैं कि जो गांव छात्राओं की बस सेवा से अछूते हैं, उनको जोड़ते हुए पूरा रूट बनाकर जल्द से जल्द भेजा जाए।
रोडवेज मुख्यालय के आदेश पर दूरस्थ गांव की छात्राओं के आवागमन के लिए बसों का रूट प्लान बनाकर भेजा जा रहा है। जैसे ही मुख्यालय से मोहर लग जाएगी वैसे ही बसों का संचालन शुरू करवा दिया जाएगा।
जोगेंदर रावल, महाप्रबंधक रोहतक डिपो
ये रूट किए गए हैं तैयार
1. सैमाण-रोहतक रूट :- सैमाण, भैणी सुरजन, महम, बलंबा, खरकड़ा, मदीना, बहुअकबरपुर, गद्दी खेड़ी से रोहतक
2. गिरावड़-रोहतक रूट :- खरैंटी, लाखनमाजरा, चांदी, भगवतीपुर, समरगोपालपुर, टिटौली, सुंदरपुर व सिंहपुरा से रोहतक
3. बेड़वा-रोहतक रूट :- फरमाणा, जुलाना, किला-जफरगढ़, पौली, समर गोपालपुर, टिटौली, सुंदरपुर व सिंहपुरा से रोहतक
4. रिठाल-रोहतक रूट :- काहनी, जसिया, ब्राह्मणवास, बसंतपुर, धामड़, लाढ़ौत, भैयापुर
5. बेरी-रोहतक वाया डीघल :- डीघल, करौंथा, शिमली, मायना, पहरावर
6. बेरी-रोहतक वाया टिटौली कबूलपुर व सुनारिया
7. बिधलान-रोहतक :- सिलाना, मुंगाण, रुड़की, भालौठ व बोहर