दिल्ली में पत्रकारों से वार्ता करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल व रेलवे मंत्री अश्वनी वैष्णव साथ में ?
रोहतक। एलिवेटेड रेल ट्रैक का विधिवत शुभारंभ व पुराने रेल ट्रैक की जगह सड़क का शिलान्यास फरवरी में हो सकता है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने 15 दिन में सड़क निर्माण के लिए हरियाणा सरकार को जमीन देने को आदेश दिया हैं। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने दी है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को एलिवेटेड ट्रैक के शुभारंभ व पुराने ट्रैक की जगह सड़क निर्माण के मसले पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के बीच दिल्ली में वार्ता हुई। रेल मंत्री ने कहा कि फरवरी में एलिवेटेड ट्रैक का विधिवत शुभारंभ कर दिया जाएगा। सड़क निर्माण का काम भी चालू हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रोजेक्ट को गंभीरता से लिया जाए। 15 दिन के अंदर सड़क निर्माण के लिए भूमि हरियाणा सरकार को दे दी जाए। उन्होंने कहा कि लाहली गांव के पास बननेवाले रेलवे गुड्स यार्ड प्रोजेक्ट के लिए बजट में बड़ी रकम आवंटित किए जाने की संभावना है। बता दें कि रोहतक स्टेशन पर गुड्स यार्ड बना है, जहां ट्रकों का आवागमन रहता है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। लाहली में गुड्स यार्ड बनने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी। मंजूरी मिलने के बाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कुमार ग्रोवर ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया।
सेक्टर-छह तक आवागमन होगा सुगम
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के बराबर सड़क बनने से रेलवे स्टेशन से सेक्टर-छह तक लोगों का आवागमन न सिर्फ सुगम होगा बल्कि दूरी भी कम होगी। यही नहीं, सड़क से सटे बाजारों और कॉलोनियों के लोगों को काफी सहूलियत होगी।