हिसार रोड व पुरानी सब्जी मंडी रोड के चौड़ीकरण की कमान नगर निगम कमिश्नर ने अपने हाथ में ले ली है। कमिश्नर का दावा है कि बिजली निगम की लाइन शिफ्ट होते ही दुकानदारों को जमीन की रजिस्ट्री करवा दी जाएगी। एक माह में रजिस्ट्री करने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री की घोषणा का काम अब जल्द से जल्द पूरा कराएंगे। अमर उजाला ने दो सितंबर का प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी कि मुख्यमंत्री की घोषणा के 28 माह गुजरने के बाद भी हिसार रोड व पुरानी सब्जी मंडी के चौड़ीकरण का मामला ठंडे बस्ते में है। निगम कछुआ गति से काम कर रही है, जिसकी वजह से अभी तक न तो बिजली निगम की लाइन शिफ्ट हुई है और न हुडा से निगम में जमीन की रजिस्ट्री कराई है, जिससे दुकानदारों में काफी गुस्सा है। इसके बाद नगर निगम ने बिजली निगम द्वारा भेजा गया लाइन शिफ्टिंग का करीब 20 लाख रुपये का एस्टीमेट भुगतान के लिए पीडब्ल्यूडी के पास भेजा। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि विगत सप्ताह हिसार रोड व पुरानी सब्जी मंडी के दुकानदारों ने निगम कमिश्नर से मुलाकात करके रोष जताया तब उन्होंने पूरे मामले की अपडेट लिया। सड़क चौड़ीकरण के काम में धीमी गति देख निगम कमिश्नर ने नाराजगी जाहिर की और फिर पूरे मामले की कमान अपने हाथ में ली। निगम कमिश्नर प्रदीप गोदारा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का काम अब मैं खुद देख रहा हूं। बिजली निगम को जल्द एस्टीमेट की राशि भेजकर अंडरग्राउंड लाइन शिफ्ट कराई जाएगी। इसके साथ ही हुडा की जमीन को साफ करवाकर सीधे हुडा से दुकानदारों की रजिस्ट्री कराने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। एक माह में दुकानदारों को जमीन की रजिस्ट्री सीधे हुडा से करवाई जाएगी।
जाम की समस्या पर हुई थी चौड़ीकरण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने तीन मई 2018 को हिसार रोड व पुरानी सब्जी मंडी रोड के चौड़ीकरण की घोषणा की थी। चौड़ीकरण की जद में हिसार रोड की 73 और पुरानी सब्जी मंडी रोड की 108 दुकानें चिह्नित हुई हैं। इन दुकानों के स्वामियों को निगम प्रशासन ने नजदीक स्थिति हुडा की जमीन देने का वादा किया। शुरू में दुकानदारों से 2.88 व 1.57 लाख रुपये के चेक लिए गए मगर बैंक में जमा नहीं करवाए गए।