वार्ड 19 में राशन लेने के लिए लगी लाइन। संवाद
रोहतक। राशन डिपो होल्डरों की मांग पूरी न होने के कारण उन्होंने अपनी हड़ताल को 20 जनवरी तक बढ़ा दिया है। इसके चलते अब जिले में कहीं भी राशन नहीं बटेगा। इससे पहले होल्डरों की एक जनवरी से 15 जनवरी तक हड़ताल थी। लेकिन मांगों की सुनवाई न होने से इसे दोबारा बढ़ाया गया है। वहीं विभाग का कहना है कि जिनको दिसंबर माह में सरसों का तेल नहीं मिला है, वह अब पिछले माह का जनवरी में भी ले सकते है। लेकिन वार्ड-20 की एक साथ आठ कॉलोनियों पर एक राशन डिपो होने के कारण राशनधारकों को तीन से चार घंटे तक राशन के लिए लाइन में लगना पड़ता है।
समाजसेवी जसबीर कुमार, मंजीत, पवन, सतपाल, सुमन व गीता समेत अन्य लोगों ने बताया कि वार्ड-20 में फिलहाल एक राशन डिपो खुला हुआ है। जिस पर पुराना हाउसिंग बोर्ड, आंबेडकर कॉलोनी, एकता कॉलोनी, छोटूराम कॉलोनी, प्रीत विहार, राजीव नगर व आजाद नगर के लोग राशन लेने के लिए आते है। यहीं नहीं जिन घरों में बड़े व युवा नहीं है, उन घरों से बुजुर्गों को लंबी दूरी पर राशन लेने के लिए आना पड़ता है। इसके लिए लोगों की मांग भी है कि दो कॉलोनियों पर एक राशन डिपो खुलवाया जाए। ताकि भीड़ का सामना न करना पड़े। इसके चलते यह राशन डिपो रात के समय भी खुला रहता है, क्योंकि भीड़ बढ़ने के कारण राशन डिपो होल्डर भी समय पर घर नहीं जा पाते है। ज्यादातर घरों से छोटे बच्चे भी राशन लेने के लिए आते है, लेकिन उन्हें भी लाइन में लगना पड़ता है। ताकि वह नंबर आने पर घर बता सकें और घर के मुखिया का अंगूठा लगवाकर राशन ले सकें।
वर्जन
अब जिले में कहीं भी 20 जनवरी तक राशन नहीं बटेगा। क्योंकि हड़ताल को 20 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। फिर भी सुनवाई नहीं हुई तो एसोसिएशन बैठक कर हड़ताल को आगे भी बढ़ा सकती है।
घनश्याम, प्रधान, राशन डिपो होल्डर एसोसिएशन