12सीटीके21..महम स्थित चुनाव कार्यालय से राधा अहलावत ने उतारे भाजपा के होर्डिंग। संवाद
रोहतक। महम हलके से भाजपा का टिकट न मिलने से नाराज राधा अहलावत भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी। नामांकन के अंतिम दिन अहलावत ने अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने अपने चुनाव कार्यालय से भाजपा के होर्डिंग और पोस्टर उतार दिए।
राधा अहलावत के पति शमशेर खरकड़ा वर्ष 2014 में इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। खरकड़ा दंपति का भाजपा से 10 साल का रिश्ता रहा। भाजपा ने साल 2014 व 2019 में हलके से शमशेर खरकड़ा को टिकट दिया था, लेकिन वे जीत नहीं सके। खरकड़ा ने अपनी बार अपनी पत्नी राधा अहलावत के लिए टिकट मांगा था, जो लंबे समय से हलके में सक्रिय रहीं, लेकिन पार्टी ने भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा को टिकट दिया है। दोपहर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने दीपक हुड्डा का नामांकन कराया। पांच मिनट बाद राधा अहलावत चुनाव कार्यालय पहुंची और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया। राधा ने नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है। पार्टी ने क्या सोचकर निर्णय लिया, यह उनको पता नहीं। दो साल से मैं हलके में काम कर रही थी। लोगों ने कहा कि चुनाव लड़ो, इसलिए मैं नामांकन भरकर आई हूं। अब फैसला जनता की अदालत में होगा।
टिकट न मिलने से नाराज टुटेजा ने छोड़ी आप, कांग्रेस में हुए शामिल
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय सचिव लवलीन टुटेजा ने रोहतक शहर से टिकट न मिलने पर वीरवार को पार्टी छोड़ दी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। टुटेजा की जगह आप ने पार्टी के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र हुड्डा को प्रत्याशी बनाया है।
12सीटीके21..महम स्थित चुनाव कार्यालय से राधा अहलावत ने उतारे भाजपा के होर्डिंग। संवाद