रोहतक। रिटौली गैंगवार के चलते हुए रोहित उर्फ बजरंग हत्याकांड में वीरवार को तीन निजी गवाह अदालत में पेश नहीं हुए। इसके चलते एडीजे डॉ. भूपेंद्र सिंह की अदालत ने गवाही के लिए अब 25 नवंबर की तारीख तय की है। केस में गवाही की अंतिम प्रक्रिया चल रही है।
ढाई लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ अमेरिका में पिछले सप्ताह गिरफ्तार हुआ था। उसे लेकर आने की प्रक्रिया चल रही है। रिटौली में चल रही रंजिश के चलते साल 2022 में भाऊ के चचेरे भाई 18 वर्षीय रोहित उर्फ बजरंग की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
साथ ही वारदात में गांव के बुजुर्ग राजेंद्र भी मारे गए थे। दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने अंकित उर्फ बाबा सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाबा व उसका साथी अमित अभी जेल में बंद हैं जबकि बाकी की जमानत हो गई थी। आरोपी अनिल और दिनेश उर्फ गोगा की जमानत पर आने के बाद हत्या हो गई जबकि तीसरे आरोपी मोहित की भी मौत हो गई थी।