राज्य स्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर के समापन पर सम्मानित करते उपमंडलाधीश राकेश कुमार सैनी ।
रोहतक। राज्यस्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर में रोहतक, सोनीपत, पानीपत व झज्जर के 40 कर्मचारियों ने शिरकत की और आपात स्थिति में बचाव कार्य के लिए प्रशिक्षण लिया। उपमंडलाधीश राकेश कुमार सैनी ने प्रशिक्षण के समापन अवसर पर कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर सभी प्रशिक्षणार्थियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
वह शुक्रवार तिलयार झील पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय राज्यस्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर के समापन पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बाढ़ राहत के नए तौर तरीकों की जानकारी दी गई है, इसका प्रयोग जान-माल की रक्षा के दौरान होगा। शिविर के समापन पर प्रशिक्षण लेने वाले कर्मचारियों को सर्टिफिकेट देने के साथ उन्हें सम्मानित भी किया गया। उन्होंने इन कर्मचारियों की सेवा भावना की प्रसंशा करते हुए कहा कि यह कर्मचारी सामान्य ड्यूटी से हटकर समाज सेवा की भावना से बाढ़ राहत कार्य के लिए आगे बढ़कर आए हैं। सरकार हर वर्ष बाढ़ राहत के लिए इन कर्मचारियों को प्रशिक्षण देती है। कर्मचारी आपदा के समय लोगों के जीवन रक्षा के लिए कार्य करते हैं, जो समाज की सबसे बड़ी सेवा है।
उपायुक्त अजय कुमार ने पांच दिवसीय राज्यस्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 15 मई को किया था। इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के सहायक आशु, राकेश कुमार, सतविंदर नाजर, राजपाल, मुकेश, रणधीर, भगत सिंह, राजेंद्र, राजेश गौड, रोशनी देवी, संजय सिंह, बीर सिंह, राजकुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी, मास्टर ट्रेनर और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।