रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिएं हैं कि वे घोषित एरिया में शामिल होने वाली कॉलोनियों की जांच करवाएं और यदि इनमें कोई सरकारी भूमि आती है तो उसकी सीमा मार्क करवाते हुए नगर योजनाकार को सूचित करें।वह शुक्रवार लघु सचिवालय स्थित सभागार में अवैध कॉलोनियों को घोषित एरिया व नियमितिकरण में शामिल करने के लिए आयोजित जिलास्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपायुक्त ने बताया कि जिला नगर योजनाकार कार्यालय में अभी तक 26 अवैध कॉलोनियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, इनकी जांच पड़ताल की गई। जांच के दौरान आवेदन करने वाली पांच कॉलोनियों के आवश्यक दस्तावेजों के अभाव के कारण उन्हें त्रुटियों से अवगत करवाने का निर्णय लिया गया तथा सही आवेदन पाये जाने वाली 21 कॉलोनियों की मौका निरीक्षण के लिए दो-दो अधिकारियों की कमेटी गठित की गई। कमेटियां संबंधित कॉलोनियों में मौका निरीक्षण कर यह पता लगाएंगी कि यह सरकार द्वारा जारी हिदायतों को पूरा करती है या नहीं।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह मलिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी जितेंद्र शर्मा, जिला नगर योजनाकार सुमनदीप, रोहतक के तहसीलदार डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।