झज्जर। जिला में ईद उल फितर धूमधाम से मनाया और मुस्लिम समाज ने नमाज पढ़कर खुशहाली की दुआ मांगी। ईद को लेकर श्रीराम पार्क में स्थित मस्जिद को सजाया गया था। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। जिले की मस्जिदों में नमाज अता की गई और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। सभी ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद मुबारक का संदेश दिया।
श्री राम शर्मा पार्क में सुबह लगभग 9 बजे नमाज अता की गई। मुस्लिम समाज ने नमाज अता करते हुए भाईचारे का संदेश दिया और खुशहाली के लिए दुआ की। मस्जिद में सुबह से ही मुस्लिम समाज के बच्चे और बुजुर्ग और नौजवान युवा नए कपड़े पहन कर पहुंचना शुरू हो गए थे। नमाज अता करने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद बोल कर भाईचारे का संदेश दिया। मौलवी आबिद हुसैन ने कहा कि ईद उल फितर का पर्व जिले में धूमधाम से मनाया गया। इसके लिए मस्जिद को सजाया गया था।