किलोई में ग्रामीणों से पूछताछ करते एसपी हिमांशु गर्ग। संवाद
हरियाणा के रोहतक में किलोई गांव में पांच दिन पहले परिवार को बंधक बनाकर अंजाम दी गई लूट की वारदात का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) हिमांशु गर्ग पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। साथ में डीएसपी सांपला, सीआईए प्रथम, द्वितीय, एवीटी स्टाफ के अलावा साइबर क्राइम व सदर थाने की टीम भी शामिल रही। एसपी ने परिवार को जल्द लुटेरों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। मकान मालिक जयभगवान का कहना है कि पांच दिन में पुलिस ने वारदात के खुलासे की बात कही है।
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एसपी हिमांशु गर्ग, डीएसपी सांपला राकेश कुमार, सीआईए प्रथम प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, सीआईए द्वितीय प्रभारी एसआई आजाद सिंह, सदर थाना प्रभारी मुरारी लाल, साइबर सेल की टीम के सदस्य गांव पहुंचे। एसपी ने सबसे पहले घर पीड़ित परिवार से पूछताछ की। गहनता से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। 15 दिसंबर की रात को कैसे लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद ग्रामीणों से बातचीत की। भरोसा दिलाया कि वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा।
कुख्यात अपराधियों की सूची कर रहे तैयार
एसपी का कहना है कि वारदात को हल करने के लिए रोहतक पुलिस द्वारा उप पुलिस अधीक्षक सांपला के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। सीआईए और एवीटी स्टाफ की टीमों को भी वारदात को हल करने के लिए लगाया गया है। चार टीमों के गठन के अतिरिक्त वारदात में विशेषज्ञों की भी सहायता ली जा रही है। इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे चुके आरोपियों को पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। किलोई व उसके आस-पास के क्षेत्र के कुख्यात अपराधियों की सूची तैयार कर रहे हैं।
खेतों में मिले मोबाइल फोन, पार्षद बोले-तीन दिन करेंगे इंतजार
वारदात के बाद आरोपियों द्वारा परिजनों के छीने गए मोबाइल फोन खेतों में मिले हैं। पुलिस उक्त मोबाइल की लोकेशन की जांच कर रही हैं। साथ ही पता लगाया जा रहा है कि उस समय उक्त मोबाइल के साथ-साथ किस-किस मोबाइल की लोकेशन मिल रही है। उधर, जिला परिषद के वार्ड नंबर छह से पार्षद एवं किलोई निवासी सतपाल हुड्डा का कहना है कि एसपी ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। वे तीन दिन इंतजार करेंगे। इसके बाद पंचायत के साथ बैठकर आगे की रणनीति तैयार करेंगे।