रोहतक। जजपा नेत्री संतोष अहलावत से 10 लाख की चौथ मांगने के मामले में तीन दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का दावा है कि कॉल रिकॉर्ड का डाटा आ गया है। जल्द आरोपी की पहचान हो जाएगी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शास्त्री नगर निवासी संतोष अहलावत ने सिटी थाने में शिकायत दी थी कि देर रात उसके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने कहा कि उसे 10 लाख रुपये चाहिए, चाहे अपना घर बेचकर पैसे दें। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ जबरन वसूली व धमकी देने का केस दर्ज किया था। संतोष जजपा की कलानौर हलका इकाई की अध्यक्ष हैं।
मामले में सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देशराज का कहना है कि पुलिस ने अहम तथ्य जुटा लिए हैं। मोबाइल की कॉल रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं। जल्द आरोपी की पहचान हो जाएगी। इसके बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।