प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान अजायब गांव के किसान संदीप नैन से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। पूछा, आपको प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का पूरा लाभ मिल रहा है या नहीं। साथ ही राशन वितरण से लेकर विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में भी सवाल किए।
दो एकड़ की खेती करने वाले किसान संदीप नैन ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत गुरुवार को उनके गांव में विशेष कार्यक्रम हुआ, जिसमें गांव के किसान संदीप नैन से प्रधानमंत्री से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। किसान संदीप ने हरियाणवी अंदाज में पहले प्रधानमंत्री को राम-राम की।
जवाब में पीएम मोदी ने भी राम-राम करते हुए पूछा, आपको किसान सम्मान निधि का लाभ मिलता है या नहीं। किसान ने कहा कि हर चार माह में दो हजार रुपये मिलते हैं। पीएम ने पूछा, आपको पता लग जाता है या नहीं, खाते में पैसे आ गए या नहीं। किसान ने कहा कि उनको बैंक से मैसेज आ जाता है। पीएम ने कहा कि गांव वालों को यह भी पता है कि पैसा कहां से आता है।
इसके बाद पीएम ने किसान से राशन वितरण को लेकर सवाल किया, पूछा गांव में राशन लेने को लेकर कोई दिक्कत तो नहीं आती है। किसान ने जवाब दिया, समय पर राशन वितरण होता है। पीएम ने कहा कि पहले, गांव में बोर्ड लगा दिया जाता था कि आज माल खत्म हो गया, फिर माल चोरी हो जाता था। क्या अब वो काम खत्म हो गया है।
किसान ने कहा कि अब ऐसा कुछ नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मजबूत आदमी हैं। फिर पीएम ने कहा, अभी मोदी की गारंटी वाली गाड़ी आपके गांव में आई है। उससे लोगों को कैसे जोड़ने का प्रयास किया गया है। गाड़ी का स्वागत कैसे हुआ। किसान ने कहा कि ढोल बजाकर स्वागत किया गया।
गांव के पंच हैं किसान संदीप नैन
महम चौबीसी के गांव अजायब खास के 34 वर्षीय किसान संदीप नैन ने बताया कि वे गांव में न केवल पंच हैं, बल्कि दो एकड़ में खेतीबाड़ी करते हैं। 2019 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ले रहे हैं। हर चौथे माह दो हजार रुपये मिलते हैं। इसके अलावा संयुक्त परिवार में रहते हैं। परिवार के अंदर 11 सदस्य हैं। इसमें माता-पिता व भाई शामिल हैं। उसका एक बेटा है। जबकि पत्नी राखी ने एमएससी (मैथ) कर रखी है।