37 दीनबंधु सर छोटू राम धाम जसिया में मुख्य अतिथि अभय सिंह चौटाला का स्वागत करते आयोजक। स्रोत:
- फोटो : संवाद
रोहतक । जाट सेवा संघ जसिया की ओर से दीनबंधु सर चौधरी छोटू राम की 144वीं जयंती और चौ. छोटूराम धाम के 9वें स्थापना दिवस समारोह में सभी ने एकजुटता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला, दिल्ली कैंट से विधायक चौधरी वीरेंद्र सिंह कादियान ने भाग लिया।
इस दौरान दीनबंधु सर चौधरी छोटू राम धाम के छात्रावास का उद्घाटन अभय सिंह चौटाला ने किया। इसमें विशिष्ट अतिथि वेद कौर एवं दिल्ली कैंट से विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान रहे। चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि चौधरी छोटूराम धाम केवल एक स्मारक नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने वाला एक यादगार केंद्र है।
दीनबंधु छोटू राम के विचार आज भी किसानों-मजदूरों के लिए मार्गदर्शक हैं। जाट सेवा संघ के चेयरमैन अधिवक्ता रणधीर सिंह ने बताया कि धाम में युवाओं के लिए शिक्षण व कौशल विकास केंद्र, कोचिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जन भागीदारी, समाजसेवा और कृषि संबंधी सुविधाएं आदि शुरू होंगी।
चेयरमैन रणधीर सिंह ने यशपाल मलिक से जाट सेवा संघ के संविधान में संशोधन करने की अपील भी की। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप दहिया ने कहा कि जब तक जाट समाज को आरक्षण नहीं मिलता तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान ट्रस्टी कैप्टन रामकरण दलाल, सुरेंद्र मलिक, रामकिशन मलिक मोखरा, कोच रणबीर चहल, रोहतास हुड्डा, जयवीर कुंडू, विनोद मलिक आदि मौजूद रहे।