रोहतक। रोडवेज मुख्यालय ने छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित और सुगम सफर कराने के लिए 13 स्पेशल मिनी पिंक बसें रोहतक डिपो में भेज दी हैं। इनमें से पांच बसें रोहतक और शेष झज्जर, भिवानी व दादरी में चलेंगी। शुक्रवार से इन सभी बसों का इंश्योरेंस कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। डिपो महाप्रबंधक का दावा है कि एक सप्ताह के अंदर रोहतक में पांचों बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्रदेश सरकार का खास ध्यान छात्राओं और महिलाओं को सुगम व सुरक्षित आवागमन की सुविधा मुहैया कराने पर है। इसके तहत छात्राओं को रोडवेज ही नहीं प्राइवेट बसों में भी आवागमन निशुल्क किया गया है। ग्रामीण इलाकों की छात्राओं और महिलाओं की सुविधा के लिए प्रदेश के प्रत्येक डिपो को स्पेशल बसें चलाने के आदेश भी दिए गए हैं। इसके अलावा स्पेशल मिनी पिंक बसें जल्द चलवाई जा रही हैं, जिसके तहत प्रत्येक डिपो को बसों का आवंटन करके भेजना शुरू हो गया है। इन स्पेशल बसों में कंडक्टर के रूप में महिलाओं को तैनात किया जाएगा। जब तक महिला कंडक्टर नहीं आएंगी तब तक एक महिला पुलिस कर्मी बतौर सुरक्षा तैनात होगी। मुख्यालय ने पिंक बसें छोटे डिपो में भेजने के लिए मंडल मुख्यालय के डिपो को सेंटर बनाया है, जहां से बसें संबंधित डिपो को सुपुर्द की जाएंगी।
पिंक मिनी बस की खूबियां
- बस के आगे और पीछे लगे हैं एलईडी डिस्प्ले बोर्ड
- बस के अंदर डिस्प्ले बोर्ड बताएगा अगला स्टॉपेज
- बाहर की तरफ डिस्प्ले बोर्ड रूट का नाम बताएगा
- बस के अंदर वायरलेस सिस्टम लगा है
- सीसीटीवी कैमरे
- इमरजेंसी वर्जर, जिसने बजने पर ड्राइवर लगाएगा ब्रेक
- सवारियों को पता चलता रहेगा बस के अंदर का तापमान
इन 13 रूट में से पांच पर चलेंगी पिंक बसें
सामायणा से रोहतक, सीसर से रोहतक, गिरावड़ से रोहतक, बेडवा से रोहतक, रिठाल से रोहतक, बेरी से रोहतक, रोहतक से सांपला, रोहतक से सांपला वाया बोहर, पिलाना से रोहतक वाया कटेसरा, विघलान से रोहतक वाया सिलाना, महम से रोहतक वाया तीतरी, खरखौदा से रोहतक वाया सिसाना, कथूरा से रोहतक वाया चिड़ी रूट पर बसें चलनी है। रोहतक डिपो प्रशासन शुक्रवार तक यह तय नहीं कर सका कि किन रूटों पर मिनी पिंक बसें चलेंगी। हां, इतना तय है कि इन्हीं में से पांच रूट सोमवार को तय किए जाएंगे।
इंश्योरेंस की प्रक्रिया चल रही है
स्पेशल मिनी पिंक बसें महिलाओं के लिए आ गई हैं। इन बसों का इंश्योरेंस कराया जा रहा है, जो दो-तीन दिन में पूरा हो जाएगा। एक सप्ताह के अंदर इन बसों को हरी झंडी दिखाकर संचालित करवा दिया जाएगा।
- ब्रजेंद्र हुड्डा, महाप्रबंधक रोहतक डिपो