पीजीआई इमरजेंसी के बाहर मंगलवार सुबह एक बार फिर हंगामा हो गया।
यहां तैनात दो डॉक्टरों पर आरोप है कि वे शराब के नशे में एक बुजुर्ग से उलझ गए। मामला इतना बढ़ा कि डॉक्टरों ने शराब और कोल्ड ड्रिंक की बोतल तक बुजुर्ग पर उड़ेल दी।
जबकि डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग अपने वाहन पर पेशाब कर रहा था, टोकने पर वह डॉक्टरों से उलझ गया। काफी हंगामे के बाद एक पुलिस कर्मी आया और वह भी उलझ गया।
बताया तो ये भी जा रहा है कि वृद्ध की शिकायत पर पीजीआई थाना पुलिस ने सीएमओ कार्यालय में जाकर सभी डॉक्टरों की जांच की। बाकायदा उनके नशे में होने और न होने को लेकर जांच की गई। हालांकि दिनभर भाग दौड़ और आरोप-प्रत्यारोप के बाद मामला समझौते से निपट गया।
ये कहना है डॉक्टरों का
संबंधित डॉक्टरों का कहना है कि हमने शराब नहीं पी रखी थी। वृद्ध और पार्किंग से आए लोग हमसे उलझ गए थे, लेकिन बाद में माफी मांगने पर हमने शिकायत नहीं दी। इमरजेंसी के बाहर पार्किंग में तैनात कर्मचारियों का कहना है कि हमारा कोई विवाद नहीं है। एक साथी सिर्फ मौके पर मौजूद था, उनका नाम बेवजह घसीटा जा रहा है।