25सीटीके11...विजय पार्क में सांकेतिक हड़ताल करतीं पीजीआईएमएस की नर्सिंग स्टाफ। स्रोत: एसोसिएशन।
रोहतक। पीजीआईएमएस (पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) की नर्सिंग एसोसिएशन की सांकेतिक हड़ताल वीरवार सुबह 9 से 11 बजे विजय पार्क में हुई। इससे पीजीआईएमएस की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। सभी नर्सिंग स्टाफ ने जमकर नारेबाजी की। वहीं मांगों को लेकर प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एक पत्र भी लिखा।
नर्सिंग एसोसिएशन के प्रधान विकास फोगाट ने बताया कि पीजीआईएमएस की नर्सिंग एसोसिएशन की ओर से सुबह 9 से 11 बजे तक हड़ताल की गई। वहीं चेयरमैन मनोज खटाना ने बताया कि गंभीर मरीजों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए हड़ताल में आईसीयू और इमरजेंसी के कम स्टाफ को शामिल किया गया ताकि किसी गंभीर मरीज को कोई समस्या न आए। विकास ने कहा कि अब एसोसिएशन किसी भी हाल में पीछे हटने वाली नहीं हैं।
एसोसिएशन के महासचिव राहुल वत्स ने बताया कि नर्सिंग अलाउंस को 1200 रुपये से बढ़ाकर केंद्र की तर्ज पर 7200 रुपये करने, नर्सिंग कैडर को ग्रुप सी से बदलकर ग्रुप बी में शामिल करने की मांग पिछले काफी समय से की जा रही है। विकास फौगाट ने बताया कि नर्सिंग कैडर पिछले काफी समय से शांतिपूर्ण लड़ाई लड़ रहा है। इसके बावजूद उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि 2 अगस्त को पूरा नर्सिंग कैडर सामूहिक अवकाश पर रहेगा। इसके बाद भी सरकार व पीजीआई प्रशासन मांगों को पूरा नहीं करता है तो मजबूरन आगे का निर्णय लिया जाएगा। इस संघर्ष के दौरान यदि कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।