रोहतक। माता दरवाजा चौक पर प्राइवेट बस में नानी को धक्का देने का विरोध करने पर हुए झगड़े में एक युवक ने उसके दोहते को हाथ में चाकू मारकर घायल कर दिया। इस संबंध में सिटी थाने में खिड़वाली गांव के युवक अंकुश के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अदालत से उसे जमानत मिल गई।
पुलिस के मुताबिक जींद के पांडु पिंडारा गांव निवासी अमित ने दी शिकायत में बताया कि वह अपने नाना के घर खिड़वाली रहता है। दो दिन पहले अपनी नानी मूर्ति को लेकर रोहतक आया हुआ था। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे माता दरवाजा चौक स्थित प्राइवेट बस में अपनी नानी को बैठाने लगा तो गांव के युवक अंकुश ने उसकी नानी को धक्का मारा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी गाली देने लगा। इसके बाद आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकाला और उसके हाथ पर दो-तीन वार किए। साथ ही आरोपी धमकी देकर फरार हो गया। गोकर्ण चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर सोनू ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था, जहां से जमानत मिल गई।