कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हैं। स्वास्थ्य विभाग को जिला प्रशासन की ओर से यूएसए, जर्मनी व दुबई से आने वाले 89 यात्रियों की सूची और मिली है। इन सभी की बुधवार को आरटीपीसीआर जांच करवाई जाएगी और इन्हें होम क्वारंटीन किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग को विदेश से आने वाले 89 यात्रियों की सूची मिलने के बाद सभी के आरटीपीसीआर सैंपल करवाने की तैयारी कर ली गई है। विभाग के अनुसार अभी तक हाई रिस्क वाले देश व साउथ अफ्रीका से कोई नागरिक नहीं आया है। अधिकांश यात्री यूएसए व दुबई से आए हैं। जर्मनी से आने वालों की संख्या कम है। इससे पहले भी 100 के करीब दुबई, यूके, कनाडा से यात्री आ चुके हैं। इनकी भी सैंपल जांच करवाई जा चुकी है। इन सभी यात्रियों को एक सप्ताह के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। फिलहाल राहत की सांस है कि किसी भी यात्री के हाई रिस्क वाले देश से आने की सूचना नहीं मिली है।
जिले में कोरोना का नया मरीज मिला
जिले में कोरोना का नया मरीज मिला है। इसकी पहचान रामनगर में 23 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। यह मैन्यूफैक्चरिंग वर्कर है। इसके साथ ही जिले में कोरोना के तीन सक्रिय मरीज हैं। मंगलवार को 1503 लोगों के आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
वर्जन
जिले में विदेश से आने वाले 89 यात्रियों की लिस्ट आ चुकी है। इन सभी की जांच कर इन्हें होम क्वारंटीन किया जाएगा। अभी तक सभी ठीक हैं। हाई रिस्क वाले देश से फिलहाल कोई यात्री नहीं आया है।
- डॉ. तरुण मधुर, पब्लिक हेल्थ मैनेजर, स्वास्थ्य विभाग
वर्जन
विदेश से आने वाले यात्रियों की सूची प्रशासन से मिलते ही हम कार्रवाई शुरू कर देते हैं। इस मामले में ढिलाई नहीं हो रही है। विदेश से आने वालों से आग्रह है कि वह समाज के हित को ध्यान में रखते हुए विभाग का सहयोग करें। एक सप्ताह बाद जब तक उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव नहीं आएगी तो उन्हें होम क्वारंटीन के नियम का पालन करना होगा।
- डॉ. जेएस पुनिया, सिविल सर्जन